PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में कोई सियासी संकट नहीं है. चुनौतियों के बारे में मैं नहीं सोचता हूं. जनता की सेवा करता हूं, यही काम मेरे के लिए महत्पूर्ण है. शुक्रवार को नये साल 2021 के पहले दिन मुख्य सचिवालय स्थित अपने कक्ष में दिन भर तीन विभागों की समीक्षा के बाद बाहर आये तो पत्रकारों ने उनसे पूछा कि नये साल में राज्य में कोई सियासी संकट तो नहीं दिख रहा है, इस पर सीएम ने कहा कहीं कोई सियासी संकट नहीं है. हम जनता की सेवा करना अपना धर्म समझते हैं.
शाम को यहां से जाते समय मुख्यमंत्री ने पत्रकारों कहा कि सरकार बेहतर ढंग से काम कर रही है और आगे भी करेगी. उन्होंने कहा कि पहले से जो काम चल रहे हैं, उनकी नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि ये सभी कार्य नियमित तौर पर जारी रहे. उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख योजनाओं का सर्वेक्षण कराया जायेगा, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति क्या है.
सरकार के स्तर पर लिये गये निर्णयों के क्रियान्वयन के लिए निरंतर समीक्षा करते रहने की जरूरत है. मुख्यमंत्री ने कहा कि नये बजट में कई बातों का खासतौर से प्रावधान किया जा रहा है, ताकि सभी चीजों के लिए निरंतर काम किया जा सके.