2021/01/10

कार में सवार होकर निकलीं पटना की महिलाएं तो देखता रह गया पूरा शहर, खास मकसद से किया ऐसा

PATNA : बिहार की राजधानी पटना के अलग-अलग हिस्‍सों में कार्यरत इनरव्हील क्लब की सात शाखाओं की ओर से रविवार की सुबह कार रैली निकाली गई है। इस कार रैली को 'शक्ति वाहिनी' नाम दिया गया है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आगे बढ़ाना और उन्‍हें सशक्त होने का संदेश देना है। इनरव्हील क्‍लब इस साल LEAD THE change थीम को लेकर आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में कार रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और पटना नगर निगम की मेयर सीता साहू के साथ  डॉ. मनीषा सिंंह और सभी क्लबों की अध्यक्षों ने हरी झंडी दिखा कर की।

सभी कारों पर लिखे थे अलग-अलग प्रकार के संदेश

कार रैली के दौरान इनरव्हील क्लब की सदस्यों ने अपनी अपनी गाड़ी पर महिला सशक्तिकरण से जुड़े अलग-अलग स्लोगन लिखकर लोगों को जागरूक करने का कार्य किया। किसी ने महिला सुरक्षा पर अपने विचारों को रखा तो किसी ने उनके स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अपनी बातों को रखा। इनरव्हील पटना की अध्यक्ष उषा सिन्हा ने बताया कि इस कार रैली का आयोजन महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके विचारों को प्रकट करने के लिए एक मंच देने के मकसद से किया गया है। यह रैली गांधी मैदान से शुरू होकर न्यू पटना क्लब तक जाएगी और आसपास के लोगों को जागरूक करेगी।

संक्रमण को देखते हुए रखा शारीरिक दूरी का ख्याल

कोरोना संक्रमण को देखते हुए कार रैली के दौरान हर गाड़ी में आगे एक और पीछे एक व्यक्ति को बैठने की अनुमति थी। क्लब के सदस्यों के अनुसार रैली में भी सारे दूरी बनाए रखने की पूरी कोशिश की जा रही थी। पूरे आयोजन में काेरोना से बचाव की गाइडलाइन का ध्‍यान रखा गया।