SAMASTIPUR : DM शशांक शुभंकर ने बुधवार को घटहो और मुसापुर में नून व जमुआरी नदी के बांध का निरीक्षण किया। इसमें मुसापुर एवं अरमौली के बीच पूर्व से निर्मित पुराने पुल पर स्लूस गेट का निर्माण एवं दोनों ओर बांध के ऊपर बनी सड़क को ऊंचा करने एवं उसके जीर्णोद्धार करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। साथ ही उक्त नदी से सटे सुल्तानपुर घटहो, ककरघट्टी पुल तक जाने वाली पक्की सड़क के जीर्णोद्धार करने को को भी कहा।
इस दौरान जमुआरी नदी के किनारे बने 500 मीटर पूरब बांध के लेबल में सड़क को ऊंचा एवं पक्की करने का भी आदेश दिया। मुसापुर नून नदी से ककराहा पुल तक 4 स्लूस गेट बनाने का तैयारी की जा रही है। वहीं मुसापुर के वार्ड 7 में बांध से सटे पश्चिम में चैनल निर्माण करने को कहा। जिलाधिकारी ने क्षेत्र के विकास को देखते हुए मत्स्यपालन पर भी अधिकारियों से बातचीत की।
साथ ही अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि उक्त बांध का कार्य ससमय पूरा किया जाए। मुसापुर पंचायत के वार्ड सात स्थित नून नदी पर बने बांध के इर्द-गिर्द गंदगी को देखकर डीएम ने स्थानीय बीडीओ को सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराने का भी आदेश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि नून नदी परियोजना के जीर्णोद्धार को लेकर स्टीमेट तैयार किया जा रहा है।
इसके बाद जमुआरी नदी के जीर्णोद्धार का भी प्राक्कलन तैयार किया जाएगा। इसी दौरान मनिकपुर के जमुआरी नदी में चेक डैम का निर्माण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि इसके जीर्णोद्धार से यहां के किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से राहत मिलेगी। नून व जमुआरी के जीर्णोद्धार की बात सुनकर स्थानीय लोगों में काफी खुशी देखी गई। वहीं लोगों ने बताया कि हरित क्रांति का सपना साकार होता दिख रहा है।
मौके पर कई पदाधिकारी उपस्थित थे।