2021/01/20

पटना के सबसे बड़े शॉपिंग कॉम्प्लेक्स 'मौर्यालोक' में लगी भयंकर आग,लाखों की संपत्ति जलकर हुई राख

PATNA : पटना के सबसे बड़े शॉपिंग कॉम्प्लेक्स 'मौर्यालोक' में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई। आग कॉम्प्लेक्स के फर्स्ट फ्लोर पर स्थित सिद्धार्थ ट्रैवल एजेंसी में लगी। अचानक आग लगने से कॉम्प्लेक्स समेत आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। इधर, सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम 5 गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद स्थानीय दुकानदारों की मदद से फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। ट्रैवल एजेंसी में रखे सभी सामान जलकर खाक हो गए। ट्रैवल एजेंसी अनिल सिंह ने बताया कि सुबह अचानक दुकान में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने से एजेंसी के अंदर रखे ग्राहकों के वाउचर, ट्रेन व फ्लाइट की टिकटें और अन्य जरूरी कागजात जलकर खाक हो गए। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स सामान और फर्नीचर भी जल गए। ट्रैवल एजेंसी के मालिक घटना में लाखों के संपत्ति की नुकसान की बात कह रहे हैं।

मौर्यालोक कॉम्प्लेक्स में 150 से अधिक दुकानें हैं। यहां के दुकानदारों का कहना है समय पर आग पर काबू पा लिया गया, जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया। अगर आग फैलती तो आसपास के दुकानों को भी अपने जद में ले लेती। हालांकि, सुबह का समय होने के कारण यहां की ज्यादातर दुकानें बंद थी, जिस कारण यहां लोगों की संख्या काफी कम थी।