CHAPRA : छपरा में कुहासे के कारण दो स्कॉर्पियों में भिड़ंत हो गई, जिसमें 1 व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि हादसे में 3 लोग घायल हो गए। मंगलवार अहले सुबह छपरा-सीवान NH पर यह हादसा हुआ, जिसके बाद स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ गई।
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घायल कोपा थाना क्षेत्र के चंदा टोला के रहने वाले हैं। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस वहां पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिविलगंज के टेकनिवास बाजार के पास छपरा-सीवान NH पर हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि घने कोहरे के कारण दोनों स्कॉर्पियो में सामने से भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही दोनों गाड़ियां क्षत-विक्षत हो गईं। पुलिस ने गाड़ियों को जब्त कर लिया है।
हादसे में पूरब की ओर से आ रहे स्कॉर्पियो में बैठी 1 महिला के साथ 2 लोग घायल हो गए जबकि दूसरी गाड़ी में बैठे 1 शख्स की मौके पर ही हो गई। भीषण टक्कर में उसके शरीर के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत से छपरा-सीवान NH पर लगभग 1:30 घंटे से जाम जैसी स्थिति बन गई है।
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है इसलिए प्रदर्शन तो नहीं हो रहा है लेकिन स्थानीय लोग हजारों की संख्या में यहां जुट गए हैं।