2021/01/22

बड़ी खबर : महिला पुलिसकर्मी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कमरे में मिली लाश,जांच में जुटी पुलिस

ARA :आरा में एक महिला पुलिस जवान ने गले में फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना गुरुवार देर शाम की है। उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। महिला पुलिस जवान का नाम शारदा है। 

उसके पति ने बताया कि वह पिछले दिसंबर माह से बराबर फोन पर मुझसे और परिवार वालों से कहती थी कि मैं जीना नहीं चाहती हूं, मैं काफी डिप्रेशन में हूं, लेकिन वह किस डिप्रेशन में रहती थी, इसके बारे में उसने कभी किसी को नहीं बताया। 

दो दिन पहले उसने फोन पर कहा कि तुम चले आओ। मुझे बनारस डिप्रेशन के डॉक्टर से दिखाना है। इसके बाद मैं कल गांव से यहां आया था। शारदा ज्यादातर नीचे मकान मालिक के घर रहती थी। शाम में जब उसका पति ऊपर खाना बना रहा था। इसी बीच वह नीचे आ गई थी। उसी दरम्यान उसने गले में फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। इसके बाद नीचे के लोगों ने ऊपर आकर उसके पति को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वह नीचे गया और शारदा को इलाज के लिए सदर अस्पताल ला रहा था, तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

दंगा निरोधक दस्ता बटालियन में थी पदस्थापित
घटना की सूचना मिलते हैं भोजपुर पुलिस कप्तान हर किशोर राय सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए हैं। मृतका बांका जिले के पंजवाड़ा थाना क्षेत्र के राजवान गांव निवासी प्रदीप कुमार चौहान की पत्नी शारदा कुमारी थी, जो आरा के पुलिस लाइन में दंगा निरोधक दस्ता बटालियन में जवान के रूप में पदस्थापित थीं।

हाजीपुर से ट्रेनिंग के बाद वर्ष 2018 में की थी ज्वाइन
मृतका का पति उड़ीसा में एक प्राइवेट कंपनी में इलेक्ट्रिशियन का काम करता है। शारदा हाजीपुर से ट्रेनिंग के बाद वर्ष 2018 में आरा पुलिस लाइन में दंगा निरोधक दस्ता में जवान के पद पर पदस्थापित थी। उसकी शादी वर्ष 2012 में बांका जिला के धोरैया थाना क्षेत्र के तिलईया गांव निवासी प्रदीप कुमार चौहान से हुई थी। घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया है।

मृतका के पास से एक डायरी बरामद
घटना की सूचना मिलते हैं भोजपुर SP हर किशोर राय सदर अस्पताल पहुंचे और मृतका के पति से घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मृतका पुलिस लाइन के समीप ही प्राइवेट डेरा लेकर रहती थी। प्रथम दृष्टया मामला डिप्रेशन में आकर आत्महत्या करना प्रतीत होता है। मृतका के पास से एक डायरी मिली है, जिसमें वह अपनी दिनचर्या लिखा करती थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।