2021/01/18

सीएसपी संचालक ने खाताधारी नरेश मिस्त्री के खाते से की दस हजार रुपये की अवैध निकासी

SAHARSA : सौरबाजार-प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर संचालित एसबीआई शाखा से संबंधित सीएसपी संचालक के द्वारा लोगों के खाते से रुपए की निकासी कर लगातार हेरा-फेरी का मामला उजागर होता रहा है। जिसके उपर विभाग के द्वारा कारगर कदम नहीं उठाए जाने से सीएसपी संचालक का मनोबल और भी बढ़ता जा रहा है। 

प्रखंड क्षेत्र के चन्दौर पूर्वी पंचायत के सखुआ गांव निवासी नरेश मिस्त्री के एसबीआई शाखा बैजनाथपुर के खाता संख्या 33723470039 से 11 जनवरी को सौरबाजार खान मार्केट स्थित सीएसपी संचालक मृत्युंजय कुमार के द्वारा 10 हजार रुपया अंगूठा लगा कर निकासी कर ली गई। 

इस मामले को लेकर पीड़ित खाताधारी नरेश मिस्त्री के द्वारा लिखित आवेदन एसबीआई शाखा प्रबंधक बैजनाथपुर को देकर जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई करते हुए रुपया वापसी की गुहार लगाई है। वहीं बता दें कि संचालक मृत्युंजय कुमार का यह पहला मामला नहीं है इससे पहले भी इनपर सुविधा शुल्क वसूलने के नाम पर राशि वसूलने का आरोप लगाया जा चुका है। उनके खिलाफ तब आवेदन भी दिया गया था।

संचालक के विरुद्ध पहले भी दिया था आवेदन

सौरबाजार स्थित सीएसपी सेंटर संचालक खाता से रुपए जमा-निकासी में एक सौ रुपए की कमीशन लेते हैं। मामला बीते 8 सितंबर का है। जहां एसबीआई खाताधारी प्रीति कुमारी ने एसबीआई बैजनाथपुर के शाखा प्रबंधक को आवेदन सौंपते हुए अपने खाते से नया सीएसपी संचालक मृत्युंजय कुमार द्वारा एक हजार रुपए निकासी कर लेने के बावजूद मात्र नौ सौ रुपए ही उन्हें भुगतान दिया। 

जबकि उनके खाते से एक हजार की रकम निकाल ली गई थी। ऐसे में जब उन्होंने मृत्युंजय कुमार के स्टाफ निर्मल कुमार से नौ सौ रुपए ही देने की बात पूछी तो उन्होंने सुविधा शुल्क के नाम पर एक सौ रुपए काट लेने की जानकारी दी, जो गलत है। इस बारे में शाखा प्रबंधक ने कहा था जांच की जा रही है। कार्रवाई होगी। सीएसपी सेंटर को खाताधारक से कोई सुविधा शुल्क वसूलने का नियम नहीं है।

क्या कहते हैं सीएसपी संचालक

वहीं इस मामले को लेकर सीएसपी संचालक मृत्युंजय कुमार के कहा कि उनपर लगे सभी आरोप बेबुनियाद है। ऐसा मामला नहीं है, अगर ऐसा है तो उसे देखकर सही कर देंगे। 

क्या कहते हैं शाखा प्रबन्धक

इस संदर्भ में एसबीआई शाखा प्रबंधक ललित कुमार सिन्हा ने कहा कि यह फर्जीवाड़ा का मामला है। ऐसा करने वाले पर थाना में मामला दर्ज करवा कर कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट-रितेश हन्नी@सहरसा