2021/01/07

दरभंगा के आभूषण लूटकांड में पुलिस को सफलता, दो महिला समेत सात हिरासत में,समस्तीपुर में कई जगह छापेमारी

DARBHANGA : सूबे में चर्चित दरभंगा के बड़ा बाजार से हुई सोना और हीरा के आभूषण लूटकांड में गुरुवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की सूचना है। पुलिस ने समस्तीपुर के चीनी मिल इलाके के अलावा कई अन्य संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर दो महिला समेत सात लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस कार्रवाई में सोना और नकदी भी मिलने की बात बताई जा रही है। 

हालांकि, पुलिस फिलहाल इस मामले में कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। हालांकि, यह तय माना जा रहा है कि गुरुवार की कार्रवाई अबतक की सबसे सफलतम कार्रवाई है। पुलिस की बड़ी मात्रा सोना के आभूषण मिले है। चूंकि अभी पुलिस कार्रवाई चल रही है। सो, पुलिस कुछ भी बताने से परहेज कर रही है।

यहां बता दें कि दरभंगा के एसएसपी बाबूराम ने शुरू में ही कहा था कि इस घटना में समस्तीपुर के बदमाशों के शामिल होने की आशंका है। इसी के साथ पुलिस की छापेमारी टीम को आवश्यक निर्देश दिए थे। बाबूराम चूकि समस्तीपुर में बतौर एसपी काम कर चुके हैं सो उन्होंने टीम को किंग पिन समेत सबके बारे में जानकारी दी थी। स्वयं पूरे घटनाक्रम और छापेमारी को लीड करने के साथ-साथ एक-एक कार्रवाई को मॉनीटर कर रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक मुंगेर से हुई समस्तीपुर के शातिर बदमाश और सोना लूटकांड के मास्टर माइंड विकास झा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को बड़ी लीड मिली थी। विकास ने पुलिस को सोना लूट गिरोह से जुड़े बदमाशों के बारे में पूरी जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। लेकिन, फिलहाल कुछ बताने से परहेज कर रहीहै।

यह है घटनाक्रम

याद रहे कि 9 दिसंबर 2020 को दरभंगा के बड़ा बाजार स्थित शहर के चर्चित दगरू सेठ की थोक दुकान अलंकार ज्वेलर्स से नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने तमंचे के जोर पर करोड़ों के आभूषण लूट लिए थे। घटना को अंजाम देकर निकलने के दौरान बदमाशों ने सीधी फायरिंग की थी। फायरिंग में व्यवसायी समेत दो लोग जख्मी हुए थे। मामले को पुलिस मुख्यालय ने पहले दिन से बेहद गंभीरता से लिया है। राज्य एसटीएफ की टीम के अलावा जिला स्तर पर गठित एसआइटी की आधा दर्जन टीमें लगातार छापेमारी कर रही है। इस बीच गुरुवार को मिली लीड के बाद यह आशंका जताई जा रही है कि पुलिस की इस कार्रवाई में लूटकांड का पर्दाफाश संभव है।