PATNA : शहीद जीजा के श्राद्धकर्म में शामिल होने पटना से आरा गए एक युवक को लुटेरों ने गोली मार दी। गोली उसके दाहिनी जांघ में लगी है। फिलहाल उसका इलाज आरा सदर अस्पताल में ही कराया जा रहा है। गोली उसके जांघ में ही फंसी हुई है, जिसे निकालने का प्रयास डॉक्टरों द्वारा किया जा रहा है। घायल युवक खुद भी रिटायर्ड फौजी का बेटा है और पटना में पढ़ाई करता है।
पटना में पढ़ाई करता है युवक
घायल युवक पटना के सालिमपुर थाना क्षेत्र के रूपस महाजी गांव निवासी उमेश कुमार सिंह का 20 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार सिंह है। वह फिलहाल पढ़ाई करने के सिलसिले से पटना के ही अगमकुआं थाना क्षेत्र में रहता है। सदर अस्पताल में भर्ती दीपक ने बताया कि उसके जीजा मिलिट्री में थे जो आगरा में पोस्टेड थे। हाल में ही वह शहीद हो गए थे। उन्हीं के श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए वह गजराजगंज ओपी क्षेत्र के नवादाबेन गांव स्थित अपनी बहन के ससुराल आया था।
मोबाइल-पर्स छीन ले गये बदमाश
दीपक के अनुसार घटना के वक़्त युवक अपनी बाइक से कहीं जा रहा था। इसी बीच गजराजगंज ओपी क्षेत्र के पकरियाबर गांव के समीप बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने उसे रोक दिया। पहले उससे हाथापाई की, फिर मोबाइल और पर्स छीनने लगे। युवक के विरोध करने पर बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग भी की। फायरिंग के दौरान चली एक गोली युवक की जांघ में लग गई, जिससे वह जख्मी हो गया। बदमाश उसका मोबाइल और पर्स छीनने में कामयाब रहे।
स्थानीय लोगों ने ही उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय थाना की पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर दीपक का बयान दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है।