2021/01/08

मांगा नियुक्ति पत्र, मिलीं लाठियां,पटना में कंप्यूटर ऑपरेटरों को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

PATNA : एक साल से नियुक्ति पत्र का इंतजार कर रहे कंप्यूटर ऑपरेटरों पर शुक्रवार को पटना के बेल्ट्रॉन भवन के पास पुलिस ने लाठियां बरसाईं। पुलिस ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर लाठीचार्ज किया। कंप्यूटर ऑपरेटर वहां धरना प्रदर्शन कर रहे थे। बेल्ट्रान भवन के बाहर बड़ी तादाद में इकट्ठा हुए छात्र-छात्राएं नारेबाजी भी कर रहे थे।

एक साल से कर रहे इंतजार

दरअसल बेल्ट्रॉन द्वारा डाटा एंट्री ऑपरेटर के पोस्ट के लिए परीक्षा हुई थी। एक साल पहले इसका रिजल्ट आया था और इसके बाद से चयनित किए गए अभ्यर्थी ज्वाइन करने की प्रतिक्षा कर रहे हैं। लेकिन, अभी तक उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया है। एक साल से बस उन्हें आश्वासन ही दिया जा रहा है।

दो लाख आवेदन आए थे, एक से लिए गए थे 1050 रुपए

एक अभ्यर्थी के मुताबिक डाटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए बेल्ट्रॉन में लगभग दो लाख आवेदन आए थे। एक आवेदन करने वाले से 1050 रुपए लिए गए थे। 7311अभ्यर्थियों को चयनित किया गया। लेकिन अब तक उन्हें बहाल नही किया गया। छात्रों के मुताबिक बेलट्रॉन लगातार उन्हें अलग-अगल बहाने देकर वापस भेज दे रहा है। उनके नाम को पैनल में नहीं डाला जा रहा है।

लिखित आश्वासन पर अड़े

सभी चयनित किए गए अभ्यर्थियों को कहा गया था कि 8 दिसंबर को ज्वाइन करने का मैसेज आएगा, लेकिन अब तक कुछ भी जानकारी नहीं दी गई है। हंगामा कर रहे अभ्यर्थियों का कहना था कि जब तक नियुक्ति को लेकर कोई लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।