DESK : उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर का प्रकोप जारी है. वहीं, दिल्ली में भी न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है. दिल्ली के सफदरजंग में आज न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस बीच मौसम विभाग ने उत्तर भारत में जनवरी के महीने में आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश होने की भविष्यवाणी की है.
मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में अधिकतर इलाकों में अगले दो दिन तक शीत लहर की रफ्तार तेज होने की संभावना है. जिससे न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा. साथ ही अगले दो दिनों में इन सभी राज्यों में ठिठुरन वाली ठंड पड़ने की आशंका है.
वहीं, राजधानी दिल्ली में 1-2 जनवरी को न्यूनतम तापमान 4-7 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियल रहने का अनुमान है. इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. वहीं, तापमान भी सामान्य से कम ही रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक 2 से 5 जनवरी तक दिल्ली के आसमान में बादल छाए रहेंगे और अधिकतर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है.