BHAGALPUR : सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान टीएनबी कॉलेजिएट इंटर विद्यालय केंद्र पर एक छात्रा मोबाइल से प्रश्नपत्र का फोटो लेते पकड़ी गयी। परीक्षा के घंटे भर बाद वीक्षक की नजर जैसे ही छात्रा पर गयी तो पाया कि वो मोबाइल से फोटो ले रही है। वीक्षक ने फौरन उसका मोबाइल छीना और केंद्राधीक्षक को इसकी सूचना दी।
उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रवेश करते हुए छात्र-छात्राओं को निर्देश दिया जा चुका था। मगर छात्रा चुराकर मोबाइल रखी हुई थी। केंद्राधीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि वीक्षक की उस छात्रा की गतिविधि संदेहास्पद लगी तो उस पर लगातार नजर बनाए हुए थे।
जैसे ही उसने मोबाइल निकालकर प्रश्नपत्र की तस्वीर निकालनी चाही की उसे पकड़ लिया गया। वरना प्रश्नपत्र वायरल होने की संभावना बनी हुई थी। इस दौरान यह भी सवाल उठता है कि मुख्य गेट पर छात्र-छात्राओं की सही से जांच नहीं होने की वजह से छात्रा मोबाइल लेकर केंद्र के अंदर प्रवेश कर गयी।
7636 छात्र रहे उपस्थित
सिपाही भर्ती परीक्षा के 30 केंद्रों पर 9864 छात्रों की परीक्षा होनी थी। इसमें 7636 छात्र उपस्थित थे। जबकि 2228 छात्र अनुपस्थित रहे। वहीं एक छात्रा को निष्कासित कर दिया गया।