2021/01/06

बिहार में बहू की हत्या,8 साल पहले हुई थी शादी,ट्रैक्टर का लोन चुकाने के लिए महिला को मार डाला

AURANGABAD : औरंगाबाद में दहेज के लिए ससुराल वालों ने अपनी ही बहू की हत्या कर दी। ससुराल वालों पर आरोप है कि ट्रैक्टर का लोन चुकाने के लिए पैसे नहीं मिले तो बहू को गला दबाकर मार डाला। घटना पोथू थाना क्षेत्र के अल्पा गांव की है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस वहां पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। 

मृतक के पिता के बयान पर पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया। मृतक की पहचान हसपुरा थाना क्षेत्र के धमनी गांव निवासी मोतीलाल सिंह की पुत्री सविता कुमारी के रूप में की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोथू थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी के अनुसार मृतक के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

8 साल पहले हुई थी शादी
सविता की शादी 8 साल पहले अल्पा गांव के हरे कृष्णा सिंह के पुत्र ओमप्रकाश सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे दहेज के लिए सताने लगे थे। वह मायके की स्थिति देखकर पैसा मांगने से मना करती थी तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। पति भी हमेशा मायके से पैसा मांगने के लिए उसपर दबाव बनाता था।

ट्रैक्टर का लोन चुकाने के लिए मार डाला
ओमप्रकाश एक मोटरसाइकिल मिस्त्री है। पिछले धनतेरस में उसने लोन पर ट्रैक्टर लिया था। उस समय उसके ससुर मोतीलाल सिंह ने 2 लाख रुपए देकर ट्रैक्टर खरीदने में मदद की थी। इसके बाद ओमप्रकाश लोन की किश्त भरने के लिए अपनी पत्नी पर मायके से पैसा मांगने का दबाव बनाता था। इसको लेकर आए दिन झगड़ा होता था। सोमवार की रात को भी इसी बात को लेकर झगड़ा होने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि ससुराल वालों ने सविता की गला दबाकर इहलीला ही समाप्त कर दी। इस बात की खबर कानोंकान किसी को नहीं लगे, इसके लिए उसे हसपुरा के पचरुखिया के एक निजी क्लिनिक में भर्ती करा दिया। जैसे ही इस बात की सूचना मायके वालों को मिली वह क्लिनिक पर पहुंचे। पहले तो सविता के पति और ससुर को पीटा फिर हसपुरा थाना को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस अस्पताल जाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

बिलख रहे हैं बच्चे
सविता के तीन बच्चे हैं। 2 बेटी और एक 2 महीने का बेटा है, जो रोए जा रहा है। अपनी मां को ढूंढ रहा है। सविता के पिता पेशे से एक किसान हैं और उन्होंने अपनी दोनों बेटी की धूमधाम से शादी की थी। दूसरी बेटी के जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।