PATNA : खुद को पुलिस वाला बता शातिर बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ पटना में ठगी कर ली है। उसके हजारों रुपए ठग लिए गए हैं। चेकिंग के नाम पर पहले उस व्यक्ति की बाइक को रुकवाया। उसके सारे कागजात ले लिए।
ठगी की कहानी गणेश की जुबानी
हम दिनकर गोलंबर के पास घूम रहे थे। गोलंबर के पास में ही पुलिस वहां से गुजरने वाली गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी। वहां से कुछ दूर पर एक व्यक्ति ने हमको भी हाथ दिया। बाइक रोक दिए। खुद को पुलिस वाला बताया। गाड़ी साइड करने को कहा। पहले गाड़ी का पेपर ले लिया, फिर ड्राइविंग लाइसेंस ले लिया। इसके बाद दूसरे व्यक्ति से कपड़े का पॉकेट चेक कराया, रुपया निकला।
उसे प्लास्टिक में पैक करा कर सीट पर रखवा दिया। जब हम मालिक को कॉल करने के लिए मोबाइल निकाले तो गाली-गलौज करने लगा। थप्पड़ मारने की धमकी दी। मोबाइल बंद करवा कर रखवा लिया। गाड़ी से उतरवाया और कहा कि और गलती करेगा। जब हम कहे कि नहीं, तो कहा पीछे घूमो। फिर दौड़ने को कहा। 5 कदम आगे बढ़ने पर जब वापस पीछे मुड़कर देखे तो गाली-गलौज फिर से किया।
हम फिर से सामने देखने लगे। जब दोबारा पीछे मुड़कर देखे तो वो आदमी नहीं था। बोला - हमरा काम है, चेक करने का और हम चेक कर रहे हैं। गोलंबर पर पुलिस की गाड़ी लगी हुई थी तो हमें भी लगा कि सही में पुलिस वाले ही होंगे। जब 67,500 रुपया लेकर भाग गया तो अहसास हुआ कि हम ठगा गए। रुपया मालिक का था, फर्नीचर वाले को देना था।
पुलिस की नजर में संदेहास्पद है मामला
अपने साथ हुए ठगी के बाद गणेश कदमकुआं थाना पहुंचा। उसने मामले की जानकारी पुलिस को दी। शुरुआती तौर पर पुलिस को यह मामला संदेहास्पद लग रहा है। थानेदार विमलेंदु के अनुसार उनकी टीम गणेश के आरोपों की जांच करेगी। दिनकर गोलंबर पर लगे CCTV कैमरे के वीडियो फुटेज को खंगालेगी। अगर आरोपों में सच्चाई मिली तो शातिरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करेगी