SAMASTIPUR : पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. सतीश कुमार सिन्हा ने सदर अस्पताल में नवजात को खुराक पिलाकर किया। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने सख्त रूप से सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं चिकित्सा पदाधिकारी को अभियान की मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया ताकि अभियान में निर्धारित लक्ष्य के शत प्रतिशत उपलब्धि मिल सके। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले चिकित्सा पदाधिकारी एवं कर्मीयों के वेतन पर रोक लगाई जाएगी। पांच दिनी पल्स पोलियो अभियान 31 जनवरी से चार फरवरी तक चलेगा।
विभाग की ओर से आठ लाख 42 हजार 61 घरों में सात लाख पचास हजार 765 बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। पोलियो कि खुराक पिलाने का लक्ष्य पूरा करने के लिए जिले में 2510 दल को लगाया गया है। जिसमें घर-घर दल में 2064, ट्रांजिट दल में 249, मोबाइल दल में 114, वन मैन दल में 84 को लगाया गया है। दल को निगरानी करने के लिए 776 सुपरवाइजर, सब डिपो में 141 को तैनात किया गया है।
दरअसल, भारत में तो पोलियो के उन्मूलन के दावे किए गए। पिछले कई वर्षों से इस तरह का एक भी मामला सामने नहीं है। डब्ल्यूएचओ की ओर से भी इसके बारे में कहा गया है कि भारत में इसका खतरा कम है । लेकिन, पड़ोसी देशों नेपाल, बांग्लादेश, पाकिस्तान और भूटान में इसके मामले पूरी तरह से खत्म नहीं हुए है।
ऐसे में इस बात की आशंका हमेशा बनी रहती है कि एक बच्चे से संक्रमण किसी भी रूप में भारत आ सकता है। इसलिए समय समय पर पोलियो वैक्सीन बच्चों को दिव्यांगता से बचाने के लिए दिया जाता है । मौके पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अमरेंद्र नारायण शाही, शहरी क्षेत्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार, यूनिसेफ के एसएमसी राजीव कुमार, डब्लूएचओ के एसएमओ डॉ. सुधानंद आदि उपस्थित रहे ।
Input-dainik jagran