MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर में बाइक सवार अपराधियों ने एक मोबाइल फोन के व्यवसायी को लूट के दौरान गोली मार दी। गंभीर रूप से जख्मी व्यवसायी अभिषेक अग्रवाल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत बहुत नाजुक बताई जा रही है।
अपने आवास जा रहे थे
उनका बैग लूटने के दौरान एक पल्सर पर सवार तीन अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। अभिषेक अग्रवाल की नगर थाना के अप्सरा मार्केट में मोबाइल की दुकान है। दुकान से वह बाइक से सिकंदर पुलिस के ट्रांसपोर्ट में गए थे जहां एक पार्सल पैकेट डिलेवर कर पांडे गली स्थित अपने आवास जा रहे थे। अग्रवाल के भाई गाड़ी चला रहे थे।
विरोध करने पर मार दी गोली
जवाहरलाल रोड से मोतीझील जाने के क्रम में बीवी कॉलेजिएट वाली गली में अपराधियों ने उन्हें गिरा दिया और बाइक चला रहे छोटे भाई की आंख में मिर्च का डस्ट डाल दिया। उसके बाद अभिषेक से उनका बैग छीनने लगे। अभिषेक ने जब विरोध किया तो अपराधियों ने गोली चला दी। गोली अभिषेक को लगी और वे लहूलुहान हो गए।
थाने से 500 मीटर की दूरी पर वारदात
मौके पर काफी मात्रा में खून भी गिरा हुआ है। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के मोतीझील में हुई है जो नगर थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर है। घटना के बाद नगर डीएसपी टाउन थाना दल बल के साथ मौके पर पहुंच गई हैं। छानबीन जारी है।