2021/01/24

लॉटरी का धंधा चला रहा वार्ड पार्षद पति गिरफ्तार, 42 हजार रुपए और लॉटरी के 78 टिकट भी बरामद

CHAPRA : छपरा के भगवान बाजार में एक टेलर की दुकान में लॉटरी का धंधा चला रहे वार्ड पार्षद पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गुदरी बाजार स्थित दुकान स्टार टेलर्स से 42 हजार रुपए और लॉटरी के 78 टिकट भी बरामद हुए हैं। वार्ड-7 के पार्षद पति रामबाबू के साथ धंधे से जुड़े एक अन्य युवक चिंटू कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी के बाद गिरफ्तारी की है।
टेलर में चल रहा था लॉटरी का धंधा
वार्ड नंबर-7 के पार्षद पति रामबाबू की गुदरी बाजार में दर्जी की दुकान है। इसी दुकान में लॉटरी के टिकट बेचे जा रहे थे। इस धंधे में उसके साथ चिंटू कुमार भी साथ दे रहा था। पुलिस को उसने बताया कि पार्षद पति की दुकान पर 400 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से वह लॉटरी के टिकट बेचा करता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान के अंदर सालों से यह धंधा चल रहा था। भगवान बाजार थानाध्यक्ष मुकेश झा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गुदरी बाजार में छापेमारी की गई। यहां से 42 हजार रुपए और लॉटरी के 78 टिकट बरामद हुए हैं। दो लोगों की गिरफ्तारी की गई है।