2021/01/17

बिहार में 35 कार्टन विदेशी शराब जब्त, एक धंधेबाज गिरफ्तार,नाव पर दारू लाद कर नदी पार करा रहे थे

BAGHA : धनहा थाना पुलिस ने रहमानपुर दियारे से शनिवार की रात करीब 12 बजे 35 कार्टन में रखे गए 1680 बोतल विदेशी शराब बरामद किया। साथ ही पुलिस को एक धंधेबाज को मौके से गिरफ्तार कर लिया। शराब धंधेबाज शराब की बड़ी खेप को उत्तर प्रदेश से दियारे के रास्ते नाव पर लाद कर नदी पार करा रहे थे। 

उसी दौरान पुलिस ने सूचना के आधार पर छापेमारी की। जिसमें यह सफलता मिली। पुलिस ने नाव को भी जब्त कर लिया। प्रभारी एसपी संजय सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि शराब धंधेबाज शराब की खेप को दियारे के रास्ते बगहा लेकर पहुंचाने वाले हैं।

सूचना के आधार पर धनहां पुलिस को छापेमारी का निर्देश दिया गया। पुलिस ने रहमानपुर दियारे के नदी घाट से शराब की खेप को बरामद किया। जब्त शराब की कुल मात्रा 302 लीटर है। हालांकि मौके से कई शराब धंधेबाज अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले। गिरफ्तार धंधेबाज की पहचान बगहा थाना क्षेत्र के खैरटवा गांव निवासी भिखारी यादव के रूप में हुई है। 

थानाध्यक्ष शंभू शरण शरण गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार शराब धंधेबाज के विरुद्ध नदी थाना में भी इसके पहले कांड संख्या 35/18 दर्ज है। शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार धंधेबाज पहले भी जेल जा चुका है। पकड़े गए धंधेबाज ने कई साथियों का नाम पुलिस को बताया है। जिनकी पहचान गुप्त रखी गई है।