2021/01/30

समस्तीपुर में यात्रियों की सुविधा के लिए जिले में बनेंगे 20 आधुनिक बस पड़ाव

SAMASTIPUR : अब यात्रियों को सड़क किनारे खुले आसमान के नीचे अब खड़े होकर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित परिवहन को बढ़ावा देने एवं बसों तथा अन्य यात्री वाहनों से यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा को लेकर जिला में कुल 20 नए आधुनिक बस पड़ाव स्थल निर्माण की स्वीकृति मिली है। स्वीकृति मिलने के पश्चात हीं बस स्टॉप का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। इससे लोगों को गाड़ी पकड़ने में सहूलियत मिलेगी। 

जिला परिवहन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बस ठहराव स्थल के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बस ठहराव स्थल पर संरचना का निर्माण महत्वपूर्ण सड़कों के किनारे उपयुक्त स्थलों पर किया जाना है।

 इस संबंध में बिहार सड़क सुरक्षा परिषद के राज्य परिवहन आयुक्त सह प्रभारी पदाधिकारी ने पत्र के माध्यम से निर्देश जारी किया है। जारी निर्देश में जिला के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रस्तावित बस ठहराव हेतु कार्य किया जा रहा है। इसके लिए प्रथम चरण में 10 बस पड़ाव निर्माण को लेकर राशि आवंटित की गई है।

10 स्थानों पर बस स्टॉप निर्माण के लिए आवंटित की गई राशि

जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी 20 प्रखंडों में बस ठहराव स्थल का निर्माण किया जाना है। फिलहाल प्रथम चरण में 10 स्थानों पर निर्माण के लिए विभागीय स्तर पर 19 लाख तीन हजार रुपये आवंटित की गई है। बस पड़ाव के निर्माण की राशि कार्यकारी एजेंसी को आवंटित भी की जा चुकी है। प्रत्येक बस ठहराव हेतु एक लाख 90 हजार 300 रुपये खर्च होने है। इसमें रोसड़ा, दलसिंहसराय, विद्यापतिनगर एवं पटोरी में कार्य प्रगति पर है।

250 वर्गफीट में बनना है बस ठहराव स्थल आमलोगों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए बस ठहराव स्थल का निर्माण किया जाना है। इसका निर्माण 250 वर्गफीट में कराया जाना है। प्रत्येक स्थल पर 25 गुणा 10 फीटा यानी 250 वर्ग फीट भूमि में बस पड़ाव का निर्माण किया जाना है। 

समस्तीपुर के जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि जिला के प्रखंड क्षेत्रों में 20 बस स्टॉप का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए विभाग से स्वीकृति व राशि भी प्राप्त हो गई है। प्रत्येक बस स्टॉप निर्माण के लिए 1 लाख 90 हजार 300 रुपये में 250 वर्गफीट में कार्य कराया जा रहा है। जल्द ही सभी स्थानों पर निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

 INPUT-DAINIK JAGRAN