PATNA : BIHAR मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार सुबह अचानक पटना के सरदार पटेल भवन पहुंच गए। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद CM दूसरी बार बिहार पुलिस के मुख्यालय पहुंचे। नीतीश कुमार का यह कार्यक्रम पूर्व निर्धारित नहीं था। उनके साथ DGP एसके सिंघल भी मौजूद थे। नए साल में पहली बार CM ने लॉ एंड आर्डर पर पुलिस के आला अधिकारियों के साथ बैठक की।
हर स्तर पर अपराध रुकना चाहिए
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने अधिकारियों से कह दिया कानून-व्यवस्था पर किसी तरीके का कोई समझौता नहीं होगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जो भी घटनाएं हो रही हैं, उनकी वजह क्या है, उसके लिए कौन से लोग जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई हुई या नहीं, यह सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आपराधिक घटनाओं को लेकर अधिकारियों को कहा है कि आप खुद पूरे मामले की मॉनिटरिंग करें। हर स्तर पर अपराध रुकना चाहिए। निर्दोष किसी भी हालत में जेल नहीं जाना जाना चाहिए और दोषी बचना नहीं चाहिए।
आलाधिकारी लगातार एसपी के संपर्क में रहें
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों से कहा गया है कि जिले में लगातार एसपी के संपर्क में रहें और जो भी आपराधिक घटनाएं हो रही हैं उन घटनाओं की पल-पल की जानकारी लें। उस पर क्या कार्रवाई हुई उसकी भी जानकारी लें। अपराध की जो घटनाएं हो रही हैं उनकी मूल वजह पता करने की कोशिश करें। सीएम ने यह भी बताया कि अधिकारियों को बड़े आपराधिक संगठन और बड़े आपराधिक लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
एक महीने में दूसरी बार मुख्यालय पहुंचे CM
माना जा रहा है कि सूबे की कानून-व्यवस्था के बिगड़े हालात से नीतीश बेहद नाराज हैं। इसी वजह से सरकार बनने के बाद दूसरी बार आज खुद बिहार पुलिस मुख्यालय पहुंचकर मीटिंग कर कर रहे हैं। हालांकि इस भवन में नीतीश चौथी बार पहुंचे थे। इससे पहले एक बार भवन निर्माण के वक्त और दूसरी बार इसके उद्घाटन के वक्त आये थे, जबकि तीसरी बार नई सरकार बनने के बाद पहुंचे थे। हालांकि, बिहार विधान सभा चुनाव के बाद कानून व्यवस्था को लेकर भी CM नीतीश की यह चौथी बैठक है। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव के बाद 28 नवंबर को पहली और 12 दिसंबर को दूसरी और 23 दिसंबर को पुलिस मुख्यालय पहुंच कर तीसरी बैठक की थी।
विपक्ष लगातार करता रहा है हमला
बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष लगातार नीतीश सरकार पर हमला कर रहा है। राजद ने सोशल मीडिया पर 'अपराध सरेआम, जनता त्राहिमाम' के नाम से जनहित में संदेश जारी किया है। इधर, कांग्रेस ने भी पिछले दिनों कहा था कि नीतीश कुमार के राज में अपराध में बेतहाशा वृद्धि हुई है। अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है।
पिछले माह मुख्यालय ने जारी किये थे अपराध के आंकड़े
दिसंबर के पहले सप्ताह में पुलिस मुख्यालय ने 2020 का क्राइम रिकॉर्ड जारी किया था। इसमें जनवरी से सितंबर तक के आंकड़ों का औसत और अक्टूबर 2020 के अपराध के आंकड़े अलग से जारी किए गए थे। जारी आंकड़ों के अनुसार, इस साल पिछले 9 महीने यानी जनवरी से सितंबर के मुकाबले अक्टूबर में संज्ञेय अपराध में 3.12 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। जनवरी से सितंबर तक कुल संज्ञेय अपराध 21,419 हुए जबकि अक्टूबर 2020 में 22,068 केस दर्ज हुए। संगीन अपराधों में हत्या, डकैती, लूट, दंगा, रेप, रोड डकैती और लूट में तो कमी आई थी लेकिन जनवरी से सितंबर के मुकाबले अपहरण और फिरौती के लिए अपहरण की घटनाओं में बढ़ोत्तरी हुई है।