SAMASTIPUR : दूरदर्शन और आकाशवाणी में प्रस्तुति देने के बाद इस बार समस्तीपुर का एक लाल हिमांशु गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले समारोह में दिल्ली के राजपथ पर गीत की गूंज उठेगी। हिमांशु भारत हो रहा आत्मनिर्भर पर अपनी गीत की प्रस्तुति देंगे। मनीष प्राण द्वारा रचित गीत के संगीतकार शरत श्रीवास्तव के संगीत को अपना स्वर देंगे। गणतंत्र दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले इस गीत का सीधा प्रसारण होगा।
कोरोना काल में देशवासियों के बीच उत्साह बढ़ाने की बात को ध्यान में रखकर गीतकार से अपने इस गीत में शब्दों का चयन किया है, जो युवाओं को आत्मनिर्भर भारत की भावना से ओतप्रोत ही नहीं करेगा बल्कि उनके दिलो-दिमाग इसके लिए प्रेरणा भरने का भी काम करेगा। 140 देशों में लाइव प्रसारण होने से दुनियाभर के लोग व सुन सकेंगे। समस्तीपुर जिले के दियारा इलाके की रहने वाली मोहिउद्दीनगर प्रखंड के रमैया गांव निवासी शिक्षिका लल्ली देवी यादव का पुत्र है।
मां से मिली संगीत की प्रारंभिक शिक्षा
शिक्षिका लल्ली देवी यादव के पुत्र हिमांशु ने संगीत की प्रारंभिक शिक्षा अपनी मां से ही प्राप्त की। उसने मोहिउद्दीनगर के बीआरबी उच्च विद्यालय अंदौर से मैट्रिक तथा केएसआर कॉलेज कोकिल कुंज मोहिउद्दीननगर से इंटर की पढ़ाई की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय से संगीत में स्नातक किया। फिर दिल्ली के ही एक प्राइवेट स्कूल में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत है।
दूरदर्शन व आकाशवाणी पर दे रहे प्रस्तुति
हिमांशु ने देश के प्रसिद्ध मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए संगीत के क्षेत्र में कई ख्याति प्राप्त की है। दूरदर्शन और आकाशवाणी पर भी अपनी प्रतिभा का अनवरत प्रस्तुति दे रहे है। उसने जून 2020 में वर्चुअल सिंगिंग रियलिटी शो फ्लूटिन होमस्टार में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। वर्ष 2012-13 में अखिल भारतीय सुगम संगीत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
भारत सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्रालय के हिन्दुस्तानी शास्त्रीय गायन के ए ग्रेडेड कलाकार हिमांशु ने वर्ष 2008-09 में इलाहाबाद में आयोजित अखिल भारतीय ध्रुपद गायन में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके अतिरिक्त वर्ष 2012 में राज्य एवं जिला स्तरीय युवा उत्सव में भी शास्त्रीय एवं सुगम संगीत का गायन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया था।