SAMASTIPUR : सिंघिया थाना क्षेत्र के थाने के भरिहार गांव से दस दिन पूर्व लापता डेढ़ वर्ष के आकाश साहू का शव शुक्रवार सुबह गांव के ही एक गड्ढे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वह सहरसा जिले के मेहसी थाने के रंजन साहू का पुत्र बताया गया है। वह पिछले दिनों अपनी मां के साथ ननिहाल आया हुआ था।
शव मिलने की सूचना पर थानाध्यक्ष पंकज कुमार मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजन शव को उठाने नहीं दे रहे थे। लोगों का कहना था कि पहले खोजी कुत्ता लाकर जांच की जाय फिर शव उठाने देंगे। लोगों के विरोध को देखते हुए पुलिस पीछे हट गई। लोगों का आरोप था कि अज्ञात लोगों ने आकाश को अगवा कर हत्या कर दी है।
दोपहर पहुंचा खोजी कुत्ता
करीब एक बजे स्वान दस्ता गांव पहुंचा। गड्ढे के पास पड़े आकाश का शव व चप्पल का मुआयना कर कुत्ता गांव के पगडंडी रास्ता होते हुए यादव टोली के पास डिहवार स्थान के पास जाकर रुक गया। ग्रामीणों के दबाव पर यह दूसरी बार भी कुत्ता ने घटना की तहकीकात के लिए पहल की।इस घटना को लेकर पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी हुई हैं।