2021/01/26

बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने फहराया तिरंगा, ली परेड की सलामी; थोड़ी देर में निकलेंगी 10 विभागों की झांकियां

PATNA : देश आज अपना 72 वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस मौके पर पटना समेत पूरे बिहार में जश्न का माहौल है। लोग हर्ष और उल्लास से गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। पटना में गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य कार्यक्रम गांधी मैदान में आयोजित किया गया है। इस मौके पर पटना के गांधी मैदान में बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने तिरंगा फहराया। इससे पहले राज्यपाल खुली जीप में सवार हुए और परेड का निरीक्षण किया।
राज्यपाल खुली जीप में सवार हुए और परेड का निरीक्षण किया।
राज्यपाल खुली जीप में सवार हुए और परेड का निरीक्षण किया।

झंडा फहराए जाने के बाद परेड शुरू हुआ। बिहार पुलिस और बीएमपी के जवानों की टुकड़ी एक-एक कर मंच के सामने से गुजरी और राज्यपाल ने सलामी ली। इस बार परेड में ATS के जवान भी शामिल हुए। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल का स्वागत किया।

बिहार पुलिस के जवानों की टुकड़ी मंच के सामने से गुजरी और राज्यपाल ने सलामी ली।
बिहार पुलिस के जवानों की टुकड़ी मंच के सामने से गुजरी और राज्यपाल ने सलामी ली।

परेड के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। उसके बाद बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की झांकियां निकलेंगी। हर साल गणतंत्र दिवस समारोह में जहां 20-22 झाकियां निकलती थी। वहीं इस बार कोरोना की वजह से 10 झांकियां निकालने का ही फैसला लिया गया है। झांकियों में कला-संस्कृति एवं युवा विभाग, भवन निर्माण विभाग, कृषि विभाग, उद्योग विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला विकास निगम एवं जीविका, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, पर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन विभाग और जनसंसाधन एवं लघु सिंचाई विभाग की झांकियां खूबसूरत गाड़ियों पर निकलेंगी।

खगड़िया निवासी सेना के शहीद जवान लांस नायक मो. जावेद की पत्नी खरजाना परवीण को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते राज्यपाल फागू चौहान।
खगड़िया निवासी सेना के शहीद जवान लांस नायक मो. जावेद की पत्नी खरजाना परवीण को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते राज्यपाल फागू चौहान।

इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में बिहार सरकार की तरफ से सुरक्षा बलों के उन जवानों को भी सम्मानित किया गया, जिन्हें केंद्र सरकार ने सम्मानित किया है। राज्यपाल फागू चौहान ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इनमें खगड़िया निवासी सेना के शहीद जवान लांस नायक मो. जावेद भी शामिल हैं। उन्हें उनकी वीरता के लिए मरणोपरांत सम्मान प्रदान किया गया। राज्यपाल ने उनकी पत्नी खरजाना परवीण को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग स्थित अपने आवास पर तिरंगा फहराया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग स्थित अपने आवास पर तिरंगा फहराया।

नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री आवास पर फहराया तिरंगा

गांधी मैदान पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग स्थित अपने आवास पर तिरंगा फहराया। उन्होंने वहां पर झंडे की सलामी के बाद सुरक्षा बलों की टुकड़ी की भी सलामी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यालय के सभी पदाधिकारी मौजूद थे।

ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

समारोह के मद्देनजर पटना की ट्रैफिक व्यवस्था में कुछ बदलाव किए गए हैं। सुबह 7 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक फ्रेजर रोड की पश्चिमी लेन के साथ-साथ डाकबंगला चौराहे से गांधी मैदान तक कई मार्गों पर वाहनों का परिचालन बंद रखा गया है। इस दौरान न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड में वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। कोतवाली टी से पुलिस लाइन की तरफ जाने वाले सभी रास्ते बंद रहेंगे।चिरैयाटांड़ दुर्गा मंदिर से मालवाहक गोरिया टोली की तरफ नहीं जाएंगे। मीठापुर आरओबी गोलंबर से मालवाहक वाहनों का बुद्धमार्ग में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आर ब्लॉक गोलंबर से आयकर गोलंबर और डुमरा चौकी से भट्टाचार्या चौराहा तक मालवाहक वाहनों का प्रवेश नहीं करेंगे।