2020/12/25

SAHARSA : कोरोना से बचाव को खाने-पीने और रहने के अपने तरीकों का रखें खयाल

SAHARSA : कोविड-19 के संक्रमण से निपटने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अगर किसी की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर है तो यह वायरस उन लोगों को अपनी चपेट में ले सकता है। इसके लिए खुद का ध्यान रखें और खाने-पीने और रहने के तरीकों में बदलाव करने की आवश्यकता है। 

जीवनशैली , शारीरिक गतिविधि और खानपान का पूरा ध्यान रखने की जरूरत-
सिविल सर्जन डॉ. अवधेश कुमार कोरोना ने बताया कि वायरस से बचने के लिए प्रतिदिन की जीवनशैली , शारीरिक गतिविधि और खानपान का पूरा ध्यान रखने की जरूरत है। खुरक में ऐसी चीजों को शामिल करने की जरूरत है जिसमें एंटीवायरल प्रॉपर्टीज हो ताकि आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत बने जिससे  आपका शरीर हर तरह की बीमारी से बचा रहे। कोरोना वायरस से निपटने के लिए रोज के दिनचर्या में व्यायाम को शामिल करना बहुत जरूरी है। इसलिए नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।

तुलसी का रोजाना सेवन कर सकते हैं -
सिविल सर्जन डॉ. अवधेश कुमार ने कहा कि  एंटीवायरल और एंटी इन्फ्लेमेट्री से भरपूर चीजों का सेवन करें। इसके लिए तुलसी का रोजाना सेवन कर सकते हैं। इससे रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होगी। रोजाना तुलसी की 5 पत्तियों को 1 चम्मच शहद और 3-4 काली मिर्च के दानों के साथ खाएं, आपकी प्रतिरोधक क्षमता मजबूत बनेगी।

साफ - सफाई का रखें विशेष खयाल :
सिविल सर्जन डॉ. अवधेश कुमार ने कहा कि यदि घर के गेट को स्पर्श करते हैं तो घर की अन्य चीजों को छूने के पहले अपने हाथों को अच्छी तरह से साबुन से धोएं और उसके बाद ही किसी अन्य चीजों को छूएं। घर में सब्जियां या फलों को फ्रिज में रखने के पहले उन्हें पहले साफ करें। इसके लिए गर्म पानी में नमक  को मिला लें तथा इस घोल से सब्जियों को धोएं, तब फिर फ्रिज में रखें।

होममेड फेस मास्क समय-समय पर अच्छी तरह से धोकर इस्तेमाल करें --
सिविल सर्जन डॉ. अवधेश कुमार ने कहा कि होममेड फेस मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं तो उन्हें समय-समय पर अच्छी तरह से धोकर उनका इस्तेमाल करें। लंबे समय तक बिना धोए होम मेड फेस मास्क का इस्तेमाल न करें।

कोविड-19 वैक्सीन आने तक इन उपायों का करते रहें पालन  

- व्यक्तिगत स्वच्छता और 2 गज की शारीरिक दूरी बनाए रखें.
- बार-बार हाथ धोने की आदत डालें.
- साबुन और पानी से हाथ धोएं या अल्कोहल आधारित हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें.
- छींकते और खांसते समय अपनी नाक और मुंह को रूमाल या टिशू से ढकें .
- उपयोग किए गए टिशू को उपयोग के तुरंत बाद बंद डिब्बे में फेंके.
- घर से निकलते समय मास्क का इस्तेमाल जरूर करें.
- बातचीत के दौरान फ्लू जैसे लक्षण वाले व्यक्तियों से कम से कम 2 गज की  दूरी बनाए रखें.
- आंख, नाक एवं मुंह को छूने से बचें.
- मास्क को बार-बार छूने से बचें एवं मास्क को मुँह से हटाकर चेहरे के ऊपर-नीचे न करें .