2020/12/13

झारखंड से आए फुफेरे भाई को बस स्टैंड पहुंचाने जा रहा था युवक, पटना में NH-30 पर ट्रक ने दोनों को रौंदा,रो रो कर बुरा हाल

PATNA : सूबे में हाइवे पर हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। फिर से तेज रफ्तार वाली एक ट्रक ने पटना में हाइवे पर बड़े हादसे को अंजाम दिया है। NH-30 पर बाइपास थाना क्षेत्र स्थित एक कार शो रूम के पास शनिवार देर रात एक बेलगाम ट्रक ने एक साथ दो युवकों को कुचल डाला है। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौत मौके पर ही हो गई। पकड़े जाने के डर से हादसे को ट्रक चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने ही कॉल कर पुलिस का जानकारी दी। तब जाकर पुलिस की टीम पहुंची। पुलिस की जांच में ही हादसे में मारे गए युवकों की पहचान हुई। बाइक चला रहे युवक की पहचान पटना सिटी के बाहरी बेगमपुर में जल्ला हनुमान मंदिर के पास के रहने वाले सूरज कुमार के रूप में हुई।

 सूरज झारखंड से आए अपने फुफेरे भाई उज्ज्वल को बस स्टैंड पहुंचाने जा रहा था। तभी NH-30 पर बख्तियारपुर से पटना आने वाली लेन पर एक ट्रक तेज रफ्तार में आई और दोनों को रौंदते हुए निकल गई। दोनों की उम्र 20 से 25 साल के बीच की थी। थानेदार के अनुसार एक सीसीटीवी का फुटेज उनकी टीम के हाथ लगा है। जांच जारी है, फुटेज के आधार पर ट्रक और उसके ड्राइवर को पकड़ने की कार्रवाई चल रही है।