DESK : कोरोना पॉजिटिव दूल्हे ने पीपीई किट पहन कर दुल्हन के साथ सात फेरे लिए. इस दौरान पंडित और दुल्हन के माता-पिता किट पहने दिखाई दिए लेकिन उपलब्ध होने के बावजूद दुल्हन ने पीपीई किट नहीं पहनी. यह वाकया राजस्थान के अलवर जिले का है.
अलवर जिले के नीमराणा पंचायत समिति क्षेत्र के कुतीना गांव निवासी रामेश्वर दयाल प्रजापत की पुत्री दीपिका का विवाह सोमवार को कमल सिंह प्रजापत पुत्र लखीराम निवासी पेहल तहसील मुंडावर के साथ होना निश्चित हुआ था. सोमवार शाम को दूल्हे की कोरोना पॉज़िटिव होने की सूचना प्रशासन के माध्यम से प्राप्त हुई जिससे शादी को लेकर हड़कंप मच गया.
आनन-फानन में प्रशासन और पुलिस ने दुल्हन पक्ष को पाबंद किया गया. दूल्हा सहित 5 बारातियों को आने की अनुमति दी गई और दुल्हन के घर मंडप में फेरों के समय पीपीई किट सहित दूल्हा-दुल्हन, पंडित और दुल्हन के माता-पिता को पीपीई किट के साथ फेरों के समय रहने की अनुमति दी गई है.
मेडिकल टीम प्रभारी डॉक्टर अक्षय यादव ने बताया कि दूल्हा, दुल्हन, उनके माता पिता और पंडित को पीपीई किट में ही फेरे आदि कराने और कोरोना गाइड लाइन का सख्ती से पालन करने को कहा गया था. लड़के के लग्न टीका में जितने व्यक्ति कुतीना जगह से गए थे, सबका सैम्पल लेने की व्यवस्था की जावेगी.