2020/12/24

मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन बोले, किसानों के उत्‍थान के लिए बैंक ईमानदारी से भूमिका निभाएं,नाबार्ड द्वारा आयोजित स्टेट क्रेडिट सेमिनार में शामिल हुए CM

JHARKHAND : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि किसानों के उत्थान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए प्रोजेक्ट भवन (सचिवालय) से लेकर पंचायतों के सभी लोगों को अपना दायित्व निभाना होगा। नाबार्ड और लीडिंग बैंकों को भी अपनी भूमिका ईमानदारीपूर्वक निभानी होगी। मुख्यमंत्री गुरुवार को नाबार्ड द्वारा आयोजित स्टेट क्रेडिट सेमिनार को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2019-20 में झारखंड में किसानों के बीच 2033 करोड़ रुपये के ही ऋण बैंकों ने उपलब्ध कराए, जबकि छत्तीसगढ़ में यह आंकड़ा सात हजार करोड़ का है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नाबार्ड द्वारा तैयार स्टेट फोकस पेपर का विमोचन किया। इसमें वर्ष 2021-22 में राज्य में प्राथमिकता क्षेत्र के लिए 28643.64 करोड़ रुपये की ऋण क्षमता अनुमानित की गई है। इनमें 40 फीसद राशि का आकलन सिर्फ कृषि क्षेत्र के लिए किया गया है।

इसमें यह भी कहा गया है कि वर्ष 2019-20 के दौरान राज्य में कुल ऋण 27492.26 करोड़ रुपए वितरित किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केसीसी वितरण में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए पूर्वी सिंहभूम, पशुपालन, डेयरी तथा फिशरी में अधिक केसीसी लोन वितरण के लिए सरायकेला खरसावां तथा केसीसी अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पूर्वी सिंहभूम तथा सरायकेला खरसावां को संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया।