SAMASTIPUR : मुफस्सिल थाना पुलिस ने शुक्रवार की देर रात एक लोडेड पिस्टल के साथ तीन आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान थाना क्षेत्र के हकीमाबाद निवासी शंकर राय के पुत्र दुर्गेश कुमार, जितवारपुर कन्हैया चौक निवासी संतलाल महतो के पुत्र बलराम कुमार और विशनपुर के दिनेश महतो के पुत्र राजेश कुमार के रुप में हुई है।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की देर रात गश्ती दल ने जितवारपुर हाउसिग बोर्ड मैदान के निकट हथियार के साथ तीनों आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस को देखकर तीनों आरोपित भागने का प्रयास कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपित दुर्गेश कुमार के पास से 7.62 बोर की एक लोडेड पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि बरामद हथियार किसी कुख्यात आरोपित का है।
उसी ने सुरक्षित रखने के लिए दिया था। थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। छापेमारी दल में एसआई परशुराम सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान मौजूद रहे।