2020/12/21

समस्तीपुर में ठंड का कहर ज्यादा, प्रशासन की ओर से कोई इंतजाम नहीं

SAMASTIPUR :  लगातार तापमान में गिरावट के कारण पिछले कई दिनों से ठंड ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। ठंड के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त.व्यस्त हो गया है, बावजूद इसके जिला प्रशासन की तरफ से अब तक ठंड को लेकर किसी भी तरह की राहत की शुरुआत नहीं की गई है। इस ठंड में सबसे ज्यादा प्रभावित वैसे लोग हैं जिनके पास रहने को छत नहीं है, वह किसी तरह सड़क किनारे दुकानों की सीढ़ियों पर रात गुजारने को विवश है।

लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात तो यह है कि शहर में लाखों रुपए खर्च कर ऐसे बेबस लाचार लोगों के लिए रैन बसेरा बनाए गए हैं, लेकिन वह महज शोभा की वस्तु बनकर रह गए हैं। रैन बसेरा में वह तमाम सुविधाएं मौजूद है लेकिन उनमें ताले जड़े हैं। इस ठंड में लोगों के लिए जिला प्रशासन की तरफ से तो अब तक कोई पहल नहीं की गई है।

लेकिन कुछ युवा समाजसेवी लोगों की मदद में जरूर सामने आ रहे हैं। वह ऐसे बेबस जरूरतमंदों के लिए भोजन और गर्म कपड़े उपलब्ध करा रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसी ठंड में आम लोगों के पास तो सर छुपाने के लिए जगह भी है लेकिन ऐसे लोगों के लिए क्या जिनके पास ना तो तन ढकने के लिए कपड़े हैं और ना सर छुपाने के लिए जगह। वैसे लोगों के लिए उनसे जो कुछ भी बन पा रहा है वह अपने स्तर से प्रयास कर रहे हैं।