2020/12/01

तिलक समारोह से पति संग लौट रही महिला स्‍कूटी से गिरी पीछे से आई गाड़ी की चपेट में आने से मौत

BIHAR-रोहतास - राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर मंगलवार की सुबह भेड़िया गांव के समीप नहर पुल पर स्‍कूटी से गिरने के बाद अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 55 वर्षीय महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान इंद्रा देवी के रूप में की गई। उनके पति विश्‍वनाथ प्रसाद भी स्‍कूटी से गिरकर जख्‍मी हो गए।

बताया जाता है कि इंद्रा देवी अपने पति के साथ स्कूटी (जेएच 03 एच 3286) से अपने रिश्तेदार  के घर सासाराम थाना क्षेत्र के बराव गांव गई थी। वहां तिलक समारोह में शामिल हो कर सुबह में अपने घर डेहरी चौधरी मुहल्ला लौट रही थी।

इसी दौरान भेड़िया गांव के समीप नहर पुल पर सड़क पर पड़े बालू के कारण विश्‍वनाथ प्रसाद का संतुलन बिगड़ गया। डगमगाती स्‍कूटी सड़क पर गिर पड़ी। पुल क बांयी ओर विश्‍वनाथ प्रसाद जबकि एवं दाहिने तरफ इंद्रा देवी गिर पड़ीं। 

इसी क्रम में आई एक गाड़ी उन्‍हें कुचलती चली गई। घटनास्‍थल पर ही इंद्रा देवी ने दम तोड़ दिया। राहगीरों ने इसकी सूचना डेहरी थाने को दी। 

मौके पर डेहरी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक पर प्राथमिकी की जा रही है।