SAMASTIPUR : उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर पूर्वी पंचायत के रामनगर वार्ड संख्या- 4 स्थित बलुअर चौर में शुक्रवार की रात एक अधेड़ महिला की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना की सूचना शनिवार की अहले सुबह उस समय मिली जब ग्रामीण शौच करने के लिए खेतों की तरफ गए थे। महिला की सिरकटी लाश देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना महिला के स्वजनों को दी। इस घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान चांदचौर रामनगर निवासी उमेश दास की पत्नी सीता देवी (45) के रूप में की गई है।
चार छोटे बच्चों के साथ घर पर रहती महिला
मिली जानकारी के अनुसार मृतका का पति मधुबनी जिला में रहकर चुरा मिल में काम करता है। एक बड़ी लड़की शादीशुदा है जो अपने ससुराल में थी। मृतका अपने चार छोटे बच्चों के साथ घर पर रहती थी। शुक्रवार की शाम करीब 7 बजे सीता देवी अपने घर से शौच के लिए घर से निकली थी। वह रातभर घर नहीं लौटी।
इसके बाद घर वाले को उसकी लाश बलुअर चौर में होने की सूचना मिली। महिला की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है। उसका सिर धर से अलग पड़ा था। थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में किसी ने लिखित बयान नहीं दिया है।
जिसके कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकी है। शव का पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद मामला दर्ज कर अपराधियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। वैसे इस मामले को लेकर जांच की जा रही है।