2020/12/29

परिवार सहित पड़ोसियों को नशीले पकौड़े खिला महिला प्रेमी संग फरार, पति ने की खुदकुशी

DESK : शादीशुदा महिला ने अपने प्रेम प्रसंग के लिए परिवार को धोखा दे दिया। महिला ने प्रेमी के साथ भागने के लिए ऐसी साजिश रची जिसके बारे में परिवार को भनक तक नहीं लगी। महिला ने पकौड़े बनाए और परिवार को पड़ोसियों को खिला दिया। पकौड़ों में महिला ने नशीला पदार्थ मिला दिया, जिससे सभी बेहोश हो गए। इसके बाद महिला प्रेमी के साथ फरार हो गई। पति पत्नी की तलाश में 20 दिन भटकता रहा, लेकिन जब उसे असलियत पता चला तो 35 वर्षीद पति अमृतपाल ने 26 दिसंबर को जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली।

मामला पंजाब के पटियाला की है थाना घग्गा के तहत गांव खेड़ी नगाईयां का है। महिला का पति  बदनामी के कारण परेशान रहने लगा था। फिलहाल घग्गा थाने की पुलिस ने अमृतपाल की मां लाभ कौर की शिकायत पर पत्नी अमनदीप कौर निवासी लड्डी, जिला संगरूर, प्रेमी बहादुर सिंह निवासी लाडबंजारा कलां, दिड़बा, संगरूर व अमनदीप कौर की बहन की बेटी हरदीप कौर निवासी छाजली थाना जिला संगरूर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है।

अमृतपाल के भाई सतगुर सिंह ने बताया कि उसका भाई राज मिस्त्री था और भाभी पातड़ां में एक टाइल फैक्ट्री में काम करती थी। दोनों की चार साल पहले शादी हुई थी, लेकिन कोई बच्चा नहीं था। टाइल फैक्ट्री में तलाकशुदा बहादुर सिंह काम करता था। वहां पर दोनों में अवैध संबंध बन गए। छह दिसंबर की शाम को उसकी भाभी अमनदीप कौर ने पकौड़े बनाए थे, जिसमें उसने नशीली वस्तु डाली थी। ये पकौड़े उसने परिवार के अलावा पड़ोस के लोगों को भी खिला दिए। पकौड़े खाने के बाद परिवार व पड़ोसी सो गए तो देर रात को वह घर से फरार हो गई। घर में अमनदीप कौर को तलाश किया तो वह नहीं मिली। बाद में परिवार को पता चला कि उसके बहादुर सिंह के साथ अवैध संबंध थे।

अमृतपाल सिंह के परिवार के लोगों ने बताया कि चार साल से औलाद न होने पर भी घर में कभी उनमें झगड़ा नहीं हुआ। अमृतपाल की साली की बेटी हरदीप कौर का अक्सर घर में आना-जाना रहता था। अक्सर ही अमनदीप कौर अपने साथ हरदीप कौर को लेकर लेकर जाती थी। हरदीप कौर ही उक्त दोनों की मुलाकात करवाने में मदद करती थी। जिस दिन से अमनदीप कौर घर से फरार हुई है, तबसे हरदीप कौर भी गायब है।