2020/12/27

हनीमून छोड़ बांकीपुर में आई परीक्षा देने, बेटी को गोद में लिए पत्नी को परीक्षा दिलाने दानापुर से आए विशाल, उत्तम जैसे सैकड़ों पहले पहुंचे महावीर मंदिर

PATNA : BPSC की PT परीक्षा को लेकर बड़ी संख्या में परीक्षार्थी पटना पहुंचे हैं। बड़ी तादाद में छात्र महावीर मंदिर भी पहुंचे हैं। छात्रों का कहना है कि महावीर मंदिर में पूजा करने के बाद सेंटर की ओर निकलेंगे। रविवार की सुबह से ही महावीर मंदिर में परीक्षार्थियों की भीड़ देखी जा रही है।

क्या कहते हैं छात्र
बांका से आए उत्तम कुमार दास ने कहा कि पटना जब भी आते हैं तो महावीर मंदिर आते हैं। इस बार तो फैमिली ने भी कहा था कि एग्जाम से पहले महावीर मंदिर में माथा टेकना है। उत्तम कुमार का सेंटर राजधानी के शेखपुरा इलाके में है। उन्होंने कहा कि बजरंगबली का आशीर्वाद लेने के बाद ही एग्जाम सेंटर के लिए निकलेंगे। कई छात्र महावीर मंदिर कैंपस में बैठे हुए दिखे। वे एग्जाम से संबंधित कागजात को सिलसिलेवार ढंग से रखते हुए नजर आए।

एग्जाम के लिए कैंसिल किया हनीमून

पटना के बांकीपुर गर्ल्स कॉलेज एग्जाम देने आई एक परीक्षार्थी ने बताया कि BPSC पीटी देने के लिए हनीमून कैंसिल कर दिया। इनकी शादी 11 दिसंबर को हुई थी। उन्होंने कहा कि शादी अपनी जगह है और परीक्षा अपनी जगह। दुल्हन को परीक्षा दिलाने आए उनके पति ने बताया कि पढ़े-लिखे होने की यही पहचान है। पत्नी की तैयारी अच्छी है। इनका एग्जाम देना सबसे जरूरी है।

वहीं, सगुना मोड़ से यहां पत्नी को परीक्षा दिलाने आए विशाल चतुर्वेदी बेटी को गोद में लिए हुए दिखे। उन्होंने कहा कि इसकी मां एग्जाम देने गई सेंटर गई है। अब बच्ची को मुझे ही संभालना है। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में इसी बहाने घर से निकले हैं। तैयारी करने के बावजूद घर में बैठी हुई थी। अब एग्जाम देने के लिए आई हैं।