2020/12/29

बड़ी खबर : पूर्व मुखिया को गोलियों से भूना,रास्ते में अपराधियों ने घेर कर मारी गोली

JAMUI : जमुई में अपराधियों ने कोलहाना पंचायत के पूर्व मुखिया को गोलियों से भून डाला। घटना अलीगंज प्रखंड के नोनी गांव की है, मंगलवार सुबह निरंजन कुमार सिंह (50) मॉर्निंग वॉक से घर लौट रहे थे। इसी बीच घर से 100 गज की दूरी पर पूर्व से घात लगाए करीब आधे दर्जन अपराधियों ने उन्हें रास्ते में घेर कर गोली मार दी और हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

गोलियों की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने घायल मुखिया को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए भागलपुर लेकर जाने लगे। लेकिन, रास्ते में ही पूर्व मुखिया ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। मृतक के परिजन और समर्थक हत्यारे की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जमुई SP प्रमोद कुमार मंडल के अनुसार परिवार वालों ने पूछताछ के दौरान बताया कि गांव के ही पूर्व सरपंच शंभू सिंह के साथ निरंजन सिंह की पुरानी रंजिश चल रही था। इसी रंजिश में हत्या की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी चल रही है। जल्द ही हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Input-dainik bhasker