2020/12/29

प्रेमिका से मिलने घर पहुंचा आशिक ,लोगो ने रंगे हांथ पकड़ा,पुलिस ने करा दी शादी

DESK : प्रयागराज में एक युवक अपनी प्रेमिका से चुपके से मिलने उसके घर गया था। वहां वह पकड़ लिया गया। प्रेमिका के घर वालों ने उसे अंदर ही दबोच लिया। उन लोगों ने प्रेमी को पुलिस के हवाले कर दिया। लड़की और लड़का शादी के जिद पर अड़ गए तो पुलिस आगे आई तथा लड़का और लड़की के घरवालों से बात कर दोनों की शादी करा दी। पुलिस ने पुरोहित बुलाकर मंदिर में बाकायदा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों का विवाह कराया और फिर दूल्हे के साथ दुल्हन को विदा कर दिया।

प्रेमी के पकड़े जाने पर हंगामा, पहुंची पुलिस

कोरांव के सलैया गांव निवासी विशाल पुत्र काशी प्रसाद का सिरावल गांव निवासी युवती सुलेखा पुत्री राजेंद्र प्रसाद से लगभग डेढ़ साल से प्रेम संबंध चल रहा था। विशाल रविवार देर रात सुलेखा से मिलने उसके घर गया। इसी बीच लड़की के स्वजनों ने दोनों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। जिद करके सुलेखा भी विशाल के साथ कोरांव पुलिस थाने पहुंच गई। पुलिस उन्हें थाने ले आई। घंटों समझाने के बाद भी दोनों शादी पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारियों ने इसके बाद दोनों के उम्र का पता किया। फिर घरवालों से पुलिस ने बात की।

पुलिस कर्मियों द्वारा समझाया गया। स्वजनों की सहमति पर उन्हें थाने से छोड़ दिया गया। उसके बाद दोनों के स्वजन नगर पंचायत कोरांव के विश्वनाथन संस्कृत महाविद्यालय पहुंचे। वहां पर शिव मंदिर में मंत्रोच्चार के साथ उनकी शादी करा दी गई। चौकी प्रभारी रामगढ़ की पहल पर दोनों का विवाह संपन्न हुआ। रामगढ़ चौकी के कई पुलिसकर्मी शादी के साक्षी बने।

Input-dainik jagran