2020/12/21

पोलिंग एजेंट की लापरवाही से हारा राजद: विधानसभा चुनाव में कहां हुई चूक, इस पर मंथन जारी, राजद के दिग्गज नेता सिद्दीकी ने हार का कारण बता दिया

PATNA : पटना में राजद की समीक्षा बैठक जारी है। तेजस्वी यादव समेत राजद के वरिष्ठ नेता इसमें भाग ले रहे हैं। विधानसभा चुनाव में हुई हार की समीक्षा चल रही है। लालू यादव से मिलकर आने के बाद यह राजद की बड़ी बैठक है। हार पर चल रहे मंथन के बीच राजद के दिग्गज नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने हार का कारण बता दिया है। सिद्दीकी ने हार का ठीकरा पार्टी के पोलिंग एजेंट पर फोड़ा है। 

उन्होंने कहा कि चुनाव के समय पार्टी ने सभी उम्मीदवारों को बताया था कि कैसे चुनाव लड़ा जाए और क्या-क्या सावधानी रखनी है। उन्होंने कहा कि हार-जीत का अंतर 10 से 20 हजार बताया जा रहा है। यह अन्तर मॉक पोल के नतीजों पर निर्भर था। हमारे पास प्रमाण है कि पार्टी के पोलिंग एजेंट समय पर मतदान केन्द्र नहीं पहुंचे थे, जिस वजह से कई गड़बड़ियां सामने आईं।

लिखित रूप में भी सलाह मांगी

बैठक में हारे और जीते दोनों प्रत्याशी आए हुए हैं। सभी नेताओं-कार्यकर्ताओं से लिखित रूप में भी सलाह मांगी गई है। पंचायत चुनाव ईवीएम से कराने पर पार्टी की सहमति बनती है या नहीं, यह भी तय होगा। बैठक में नाराज पार्टी नेताओं को भी मनाने की कोशिश होगी।

जदयू ने बैठक पर साधा निशाना
बैठक शुरू होने से पहले जदयू की प्रतिक्रिया भी आ गई। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री व विधान पार्षद नीरज कुमार ने राजद की समीक्षा बैठक पर सवालों की झड़ी लगा दी है। उन्होंने समीक्षात्मक प्रश्नों के जरिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से सवाल करते हुए कहा कि दफा 420 के आरोपी तेजस्वी यादव सरकारी कोष से गबन के आरोपी सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव से आदेश प्राप्त कर लोकसभा 2019 के बाद बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में जनता से मिली दुत्कार पर अपने नकारेपन की समीक्षा करने बैठे हैं।