SAHARSA : डीएम कौशल कुमार ने बरियाही पैक्स का निरीक्षण किया। क्रयपंजी का अवलोकन किया तथा किसानों से की जा रही धान अधिप्राप्ति एव उन्हें ससमय भुगतान किए जाने की जानकारी ली...
धान अधिप्राप्ति में किसान भाईयों से अनुरोध है कि वे भ्रामक खबरों एवं बिचौलियों के प्रभाव में ना आयें। बेहिचक अपना धान क्रय केन्द्रों पर आकर दे। पैक्सों को राशि की कोई कमी नहीं है । किसानों को भुगतान समय पर किया जा रहा है और भुगतान में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। जिला प्रशासन किसानों को उनके धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने के लिए दृढसंकल्पित एवं तत्पर है।
आज जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बरियाही स्थित जय मां भवानी राईस मिल एवं बरियाही पैक्स का निरीक्षण के अवसर पर उक्त बातें कहीं। उन्होने कहा कि पैक्सों द्वारा धान की अधिप्राप्ति अच्छी तरह से किया जा रहा है। जिले में 1769 किसानों से अबतक 12500 मी0ट0 धान की अधिप्राप्ति की गई है। अबतक 22 लॉट सीएमआर जमा हो चुका है। 1300 किसानों को अडतालिस घंटे के अंदर 14 करोड रूपये का भुगतान कर दिया गया है।
शेष किसानों को भी ससमय भुगतान की कारवाई की जा रही है। पूर्व में पैक्सों को साढे सोलह करोड रूपये का क्रेडिट लिमिट दिया गया था। संसोधित लक्ष्य प्राप्त होने पर पुनः 15 करोड रूपये और दिये गये है। इस प्रकार अबतक 32 करोड रूपये पैक्सों को दिए गये है। अभी जो एडवांस लॉट मिला है उसका लगभग 10 करोड रूपये राशि भी पैक्सों को शीघ्र उपलब्ध कराया जायेगा। पैक्सों को धान अधिप्राप्ति में भुगतान हेतु निधि की कोई कमी नहीं है।
जिलाधिकारी ने कहा कि कतिपय प्रिंट मीडिया कही सुनी बातों पर भ्रामक एवं झूठी खबर छाप रहे है। किसान ऐसे भ्रामक खबरों एवं बिचौलियों से बचें। आगामी 31 मार्च तक धान अधिप्राप्ति की तिथि निर्धारित है लेकिन आशा है कि समय पूर्व धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य प्राप्त करने में सफल होगें।
जिलाधिकारी ने बरियाही स्थित जय मां भवानी राईस मिल के परिसर का निरीक्षण किया। धान से चावल तैयार होने की प्रकिया की जानकारी ली और अवलोकन किया। राइस मिल में 8 एम0टी0 प्रति घंटा क्षमता का आधुनिक मशीनों द्वारा सीएमआर तैयार की जा रही है। मिल से राज्य खाद्य निगम को भेजे जाने वाले राइस बैग का वेइंग मशीन पर सैम्पल वजन करा कर मात्रा को देखा । इस राईस मिल से नौ पैक्स टैग है। जिला सहकारिता पदाधिकारी का निर्देश दिया कि इस राईस मिल की क्षमता को देखते हुए अधिक पैक्सों का टैग करें।
इसके बाद जिलाधिकारी ने बरियाही पैक्स का निरीक्षण किया । क्रय पंजी का अवलोकन किया गया। पैक्स अध्यक्ष अनिल यादव ने जानकारी देते हुए कहा अबतक 14 किसानों से दो लॉट धान की अधिप्राप्ति की गई है। 10 किसानों को ससमय भुगतान कर दिया गया है। शेष किसानों का एडवाईस बैंक भेज दी गई है और सोमवार को बैक खुलने पर उनके खातों में राशि चली जायेगी। उन्होंने बताया कि किसानों से क्रय किए गये धान का भुगतान 48 घंटे में किया जा रहा है।
जिलाधिकारी के निरीक्षण के समय पप्पू कुमार एवं राहुल नाम के दो किसान अपने धान लेकर पैक्स आये थे। जिलाधिकारी ने उनसे जानकारी ली कि आप यहां क्यों अपना धान दे रहे है । किसानों ने बताया कि पैक्स के माध्यम से उनके धान की सही कीमत मिल रही है। जिलाधिकारी ने उन किसानों से कहा कि अपने संपर्क में अधिक से अधिक किसानों को ऐसा संदेश दे और क्रय क्रेन्द्र के माध्यम से अपने धान का न्यूनतम सर्मथन मूल्य का लाभ प्राप्त करें।जिलाधिकारी के निरीक्षण के अवसर पर जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम एवं अन्य उपस्थित थे।