SITAMARHI: बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति एवं रेड रिबन क्लब द्वारा आयोजित युवा संचार-2020 क्विज प्रतियोगिता में तिरहुत प्रमंडल स्तर पर आरएसएस महिला कॉलेज की दो छात्राएं शीर्ष पर आई हैं। डुमरा कैलाशपुरी वार्ड नंबर-9 की रहने वाली श्वेता कुमारी व कुमारी निधि ने तिरहुत प्रमंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इन्हें बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा तिरहुत प्रमंडल का युवा ब्रांड अंबेस्डर बनाया गया है।
एड्स दिवस के मौके पर मंगलवार को दोनों प्रतिभागियों को राजधानी पटना में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय एवं प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने सम्मानित किया।बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा 13 अक्टूबर से 17 नवंबर तक युवाओं को कोरोना वायरस एवं एड्स के प्रति जागरूक करने के लिए युवा संचार ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।
इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में कोरोना संक्रमण से कारगर बचाव के साथ ही अन्य संचारी रोगों के प्रति जागरूकता पैदा करना था। इसमें श्वेता व निधि की जोड़ी शीर्ष पर रही। श्वेता के माता-पिता राकेश कुमार सिंह व बबिता देवी तथा निधि के माता-पिता अखिलेश कुमार सिंह व ज्योति देवी ने अपनी बिटिया के तिरहुत प्रमंडल स्तर पर प्रथम स्थान आने पर प्रसन्नता जाहिर की है। दोनों बिटिया सहेली हैं और बीए पार्ट वन में पढ़ती हैं। श्वेता के भाई रवि कुमार ने कहा कि दोनों की इस उपलब्धि से सभी लोग प्रसन्न हैं। उन्हें बधाईयां मिल रही हैं।