AURANGABAD : औरंगाबाद के BBEd इंडो पब्लिक स्कूल खैरा खैरी सेंटर पर BPSC परीक्षार्थियों ने हंगामा कर दिया। परीक्षा का बहिष्कार कर कैम्पस में जमा हो गए। परीक्षा 12 बजे से शुरू होनी थी, लेकिन 12:30 तक परीक्षार्थियों के बीच प्रश्नपत्र नहीं बंटे थे। छात्रों को जब प्रश्नपत्र मिले, तो सील टूटे हुए थे। इस पर परीक्षार्थियों ने आपत्ति जतायी और हॉल से बाहर निकल गए।
DM ने संभाली कमान
हंगामे की सूचना पर औरंगाबाद DM सौरभ जुरवाल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मामले की छानबीन की। अभ्यर्थियों से भी बातचीत की। अभ्यर्थियों का सीधा आरोप है कि प्रश्नपत्र का सील टूटा हुआ दिया गया है। इससे स्पष्ट होता है कि प्रश्नपत्र लीक किया गया है। ऐसे में हम परीक्षार्थी परीक्षा नहीं देंगे। DM का कहना था कि छात्रों ने जो कुछ भी लिखित शिकायत दी है, उस पर जांच कर कार्रवाई करेंगे।
परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े
परीक्षार्थी BBEd इंडो पब्लिक स्कूल खैरा खैरी सेंटर की परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े हैं। सेंटर पर परीक्षा देने आये सभी परीक्षार्थी अपने परीक्षा कक्ष से बाहर केंद्र के परिसर में हंगामा करते रहे।
परीक्षार्थी सीधा बोल रहे-'पेपर लीक हुआ है'
बांका से आये अंकुश गौतम का कहना है कि एक तो प्रश्नपत्र आधे घंटे लेट यानी 12: 30 के बाद मिला, ऊपर से उसका सील टूटा हुआ था, जबकि सील किया हुआ प्रश्नपत्र मिलना चाहिए था। ऐसे में आशंका है कि प्रश्नपत्र को लीक कर दिया गया है। हमारी मांग है कि इस सेंटर की परीक्षा रद्द हो और पूरे मामले की जांच हो। एक परीक्षार्थी ने कहा कि जब उसने सेंटर प्रभारी से बात की तो उनका कहना था कि प्रश्नपत्र मिस अरेंज थे, उन्हें अरेंज करने में समय लग गया। कई छात्रों ने दावा किया कि प्रश्नपत्र मिस अरेंज हो ही नहीं सकता। जरूर कुछ गड़बड़ है। इसकी जांच होनी चाहिए।
DM की रिपोर्ट पर आयोग लेगा फैसला
बिहार लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक अमरेन्द्र कुमार ने बताया कि औरंगाबाद के DM की रिपोर्ट आने के बाद इस पर आयोग अपना फैसला लेगा।
जानकारी के अनुसार हर सेंटर पर जितने परीक्षार्थी परीक्षा देने वाले होते हैं, उससे कुछ ज्यादा प्रश्नपत्र और OMR शीट भेजी जाती है। अगर कुछ अभ्यर्थियों के प्रश्नपत्र फटे हुए भी थे तो उसे बदला जा सकता है। क्या सही में प्रश्नपत्र फटे हुए थे, इसकी जांच भी अब आयोग करेगा।
अन्य केंद्रों की परीक्षा प्रभावित नहीं हो सकती
पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता सर्वदेव सिंह ने बताया कि अन्य केंद्रों के परीक्षार्थियों में किसी तरह की आशंका नहीं होनी चाहिए। जांच के क्रम में अगर BBEd इंडो पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर गड़बड़ी साबित होती है तो उस केंद्र की परीक्षा दुबारा कराई जा सकती है। इससे राज्यभर के केंद्रों की परीक्षा प्रभावित नहीं हो सकती है।