2020/12/05

दूसरी लड़की से शादी कर रहे प्रेमी को प्रेमिका ने किया कॉल, कहा- मेरे गहने ले जाओ, नहीं तो केस कर दूंगी

DESK : आगरा में दूसरी लड़की से शादी करने जा रहे प्रेमी के सामने प्रेमिका ने अजीब शर्त रख दी। प्रेमिका ने उसके फोन पर कॉल किया और कहा- मेरे सोने के सारे गहने ले जाओ और इसके बदले पांच लाख रुपये देकर जाओ। ऐसा नहीं किया तो मैं केस करा दूंगी। प्रेमिका की यह शर्त को सुनकर प्रेमी के होश उड़ गए।

मामला थाना जगदीशपुरा क्षेत्र का है। क्षेत्र का रहने वाला युवक 10 साल पहले गुरुग्राम की एक कंपनी में काम करता था। उसी कंपनी में काम करने एक युवती से उसके प्रेम संबंध हो गए। युवक लॉकडाउन में घर आ गया। इसके बाद कंपनी में नौकरी नहीं लग सकी। उधर, प्रेमिका प्रेमी से शादी की तैयारी कर चुकी थी। 

युवती ने अपनी शादी के लिए पांच लाख रुपये के जेवरात खरीद रखे थे। मैरिज होम भी बुक करा लिया। इसी बीच युवती को पता चला कि प्रेमी परिजनों के कहने पर किसी और युवती से शादी कर रहा है। जानकारी होने पर प्रेमिका आगरा आ गई। उसने आशा ज्योति केंद्र में युवक की शिकायत की। 

युवती ने कहा कि युवक ने पहले भी शादी से मना किया था, मगर उसे मना लिया था। अब वह दोबारा से ऐसा कर रहा है। वह उसके साथ नहीं रहेगी। पुलिस के कहने पर युवती ने युवक को कॉल किया। उससे कहा कि शादी की तैयारी के लिए खरीदे जेवरात लेकर जाए। उसे पांच लाख रुपये नहीं दिए तो केस दर्ज करा देगी।