2020/12/07

बेगूसराय : शादी समारोह में हर्ष फायरिंग में गोली लगने से छात्र की गयी जान

BEGUSARAI : जिले में शादी का जश्न फायरिंग करके मनाना काफी महंगा पड़ गया।एफसीआइ ओपी अंतर्गत बीहट खेमकरणपुर टोला वार्ड में आई एक बरात के दौरान गोली चलने से 13 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। मृतक अपने चाचा की शादी के जश्न में नाच रहा था तभी वारदात हुई। 

उसकी पहचान एफसीआइ ओपी अंतर्गत बीहट खेमकरणपुर टोला वार्ड निवासी अमित कुमार सिंह के 13 वर्षीय पुत्र अमृत राज उर्फ राजा के रूप में हुई है। हालांकि गोली किसने चलाई? यह अभी तक पता नहीं चल सका है। इस संबंध में खबर लिखे जाने तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। 

चाचा की शादी के जश्न में रहा था नाच, आ गई मौत

जानकारी अनुसार अमृत राज अपने चाचा रजनीश कुमार की शादी के दौरान जश्न में नाच रहा था। तभी घर से कुछ दूर आगे बरात गई ही थी कि नाचने और गाने के दौरान किसी ने गोली चला दी। जिसमें एक छर्रा अमृत राज के सिर में जा लगा। फायरिंग की आवाज सुनकर अफरातफरी मच गई। लोग इधर से उधर भागने लगे। वहीं गोली लगने के बाद लोग कुछ समझ पाते कि अमृत ने  घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद स्वजनों ने एएच-21 पर लगाया जाम

वारदात के बाद सन्नाटा छा गया। सोमवार की सुबह मृतक के परिजनों ने बीहट चांदनी चौक स्थित एनएच एक्कतीस सड़क को एक घंटे तक जाम कर दिया। घटना की सूचना पाते ही एफसीआइ ओपी प्रभारी राजीव रंजन कुमार ने मृतक के परिजनों को समझा बुझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हेतु सदर अस्पताल भेज दिया। 

घटना के बाद मृत बच्चे का स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चंद सेकेंड में मातम में बदल गईं खुखियों को देखकर इलाके के लोग भी गमगीन हैं। परिवार के सदस्य तो कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं। अबतक पता नहीं चल सका है कि गोली किसने चलाई है।