2020/12/23

समस्तीपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना में घूस लेते हुए वार्ड सदस्य पति का वीडियो वायरल

SAMASTIPUR : हसनपुर प्रखंड क्षेत्र की शासन पंचायत अंतर्गत कसिया टोल वार्ड नं-07 के वार्ड सदस्य पति द्वारा आवास योजना में 10 हजार रुपये घुस लेते वीडियो वायरल हो गया। इससे प्रखंड प्रशासन के अलावा पंचायत प्रतिनिधियों में हड़कंप मच गया है। 

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 तक देश के सभी गरीबों को आवास मुहैया करा देने की घोषणा की है। जिसके अंतर्गत नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र लाभार्थियों को आवास बनवाने के लिए सरकार रुपया दे रही है। 

आवास सहायक, मुखिया और वार्ड सदस्य द्वारा लाभुकों से खुलेआम 10 से 20 हजार रुपये बतौर घूस लेने का सिलसिला जारी है। 

प्रखंड क्षेत्र के शासन पंचायत के कसिया गांव स्थित वार्ड नं-07 की वार्ड सदस्य सितिया देवी के पति रामचंद्र राम द्वारा लाभुक पुकारी देवी के पति सियाराम महतो के घर पर 10 हजार रुपये घूस लेने का वीडियो वायरल हो गया। 

प्रखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम हो या नहीं हो, पहले से पक्का मकान बना हुआ है या नहीं, इस पात्रता का कोई मायने नहीं रखा जा रहा है। 

सिर्फ अगर किसी का नाम सूची में नहीं है तो 50 हजार एवं पक्का मकान है तो 20 हजार रुपए आवास सहायक को मिल जाता है तो आवास योजना की सभी किस्त की राशि लाभुक के बैंक खाते में आसानी से पहुंच जाती है। वहीं गरीब लाभुक वर्षो तक प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाते लगाते थक जाते हैं। लेकिन उनके बैंक खाते में आवास योजना की राशि नहीं पहुंच पाती है।

आवास योजना में घूस लेते वीडियो वायरल होने वाले वार्ड सदस्य के पति सियाराम महतो का कहना है कि आवास सहायक के आदेश पर ही लाभुक से प्रथम किस्त के रूप 10 हजार रुपये लिया जाता है। 

जबकि पूछे जाने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी दुनियालाल यादव ने बताया कि वार्ड सदस्य के पति द्वारा आवास योजना के लाभुकों से 10 हजार रुपये बतौर घूस लेने का वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। मामला सत्य पाए जाने पर वार्ड सदस्य के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


INPUT-DAINIK JAGRAN