2020/12/10

इंतजार हुआ खत्म, नितिन गडकरी ने किया कोईलवर पुल का उद्घाटन, अब पटना से आरा, बक्सर और छपरा जाना हुआ आसान, जाम से मिलेगी निजात

PATNA : आरा को पटना से जोड़ने वाले कोईलवर में सोन नदी पर 266 करोड़ की लागत से बने नये 6 लेन पुल का उद्घाटन आज केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया.

बता दें कि 1862 बने कोईलवर के सोन नदी पर बने अब्दुल बारी पुल के बाद सोन नदी पर इस दूसरे पुल का नाम करण प्रसिद्ध गणितज्ञ स्व वशिष्ठ नारायण सिंह के नाम पर होगा. इसकी घोषणा नितिन गड़करी ने केन्द्रीय उर्जा मंत्री आर के सिंह के आग्रह पर की. हालांकि इस पुल के तीन लेन का निर्माण ही अभी पूरा हुआ है जिसका ट्रायल 5 दिसंबर से ही शुरू हो गया था.

27 जुलाई 2017 से इस पुल के निर्माण कार्य की शुरूआत हुई थी. जो करीब 3 वर्ष बाद तीन लेन बन कर तैयार हुआ है. 16 मीटर चौड़े और डेढ किलोमीटर लंबे कोईलवर में सोन नदी पर बने अप स्ट्रीम पुल का उदघाटन करते हुए नितिन गडकरी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सभी आग्रहो को पूरा करने का भरोसा भी दिलाया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नितिन गडकरी से बक्सर से बनारस की यात्रा को सुगम बनाने के लिये इस पूर्वांचल एक्स प्रेस वे में जोड़ने एन एच 30 कोरिडोर को पूरा करने खगड़िया पूर्णिया एन एच के चौरी करण , मोकामा बरौनी एन एच का चौरीकरण समेत अनेक परियोजनाओं को पूरा करने का आग्रह किया था. जिसे गड़करी ने पूरा करने का भरोसा भी दिलाया

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की विभिन्न सड़क परियोजनाओ की चर्चा करते हुए नितिन गड़करी की तारीफ की और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में केन्द्र सरकार का सहयोग बिहार को मिलता रहेगा.

इस अवसर पर मौजूद केन्द्रीय उर्जा राज्यमंत्री आर के सिंह सड़क परिवहन राज्यमंत्री जनरल बी के सिंह केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी बिहार विधान परिषद के सभापति अबधेश नारायण सिंह , बिहार के पथ निर्माण मंत्री मंगल पांडे समेत अनेक नेताओं ने संबोधित किया.

इस पुल के निर्माण से जहां नियमित जाम से मुक्ति मिलेगी वही एन एच 30 कोरिडोर के पटना से भोजपुर ,बक्सर छपरा मोहनिया एवं बलिया का यातायात सुगम हो जायेगा.