2020/12/17

मुजफ्फरपुर में नशे में हंगामा करते समस्तीपुर के दो युवक गिरफ्तार,कार का पीछा कर पुलिस ने दोनों को पकड़ा

MUZAFFARPUR  : नगर थाना के स्टेशन रोड स्थित एक होटल के निकट मंगलवार की रात नशे में धुत्त होकर हंगामा करते कार सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों की पहचान समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना के टोक टोला का रंधीर कुमार व सुनील पासवान के रूप में हुई। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो दोनों एक नेता का रिश्तेदार बता रौब दिखाने लगे। 

पुुलिस के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। पुलिस दोनों को पकड़कर थाना पर ले आई। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में दोनों के शराब पीने की पुष्टि हुई। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। दारोगा सुनील पंडित के बयान पर दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। बुधवार को दोनों को विशेष कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। 

कार का पीछा कर दोनों को पकड़ा गया

दारोगा सुनील पंडित ने बताया कि मंगलवार की रात वे पुलिस टीम के साथ सरैयागंज टावर के निकट गश्ती कर रहे थे। एक कार गश्ती गाड़ी को साइड नहीं दे रही थी। उसका पीछा कर स्टेशन रोड के निकट किसी तरह रोका गया। कार में सवार दोनों आरोपितों को बाहर निकाला गया। 

दोनों के मुंह से शराब की दुर्गंध आ रही थी। कार से निकलते ही दोनों हंगामा करने लगे। पूछताछ करने पर दोनों अनाप-शनाप बोलने लगे। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज दोनों को जेल भेज दिया गया।