2020/12/10

बिहार : प्रेम-प्रसंग में लड़की से मिलने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या,जांच में जुटी पुलिस

SIWAN :  गुठनी प्रखंड के टड़वा गांव में बुधवार की रात प्रेम प्रसंग में लड़की से मिलने गए युवक को ग्रामीणों व लड़की के स्वजनों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। गुरुवार की सुबह पिटाई से घायल युवक ने इलाज के पहले ही दम तोड़ दिया। मृतक टड़वा गांव का अनूप बैठा है।

 वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल से नौ जिंदा कारतूस बरामद किया है। युवक प्रेम प्रसंग में लड़की से मिलने गया था, जहां ग्रामीणों ने पीट-पीटकर उसकी जान ले ली। मृतक के पिता लड़की वालों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। 

युवक को पकड़कर पूरी रात की गई पिटाई

गांव वालों से मिली जानकारी के अनुसार अनूप का टड़वा गांव की किसी लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बुधवार की रात वह उक्त लड़की से मिलने गया था, इसी क्रम में उसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इस दौरान पूरी रात उसकी पिटाई की गई। पिटाई से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। 

इसके बाद घटना की सूचना किसी तरह लोगों ने पुलिस को दे दी। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस मौके से घायल अनूप को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल लेकर जाने लगी लेकिन अस्पताल पहुंचने के पूर्व ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया है।

पंचायत के माध्यम से हुआ था समझौता

मामले में मृत अनूप के पिता रामाशंकर बैठा ने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति की पुत्री से मेरे लड़के अनूप बैठा का प्रेम प्रसंग चल रहा था, इसको लेकर एक माह पहले पंचायत के माध्यम से समझौता भी किया था, इसके  बाद बगल में एक तिलक समारोह में मेरा बेटा गया था, जहां से उसे जबरन लड़की के घर वाले उठाकर ले गए और उसकी हत्या कर दी। 

पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन कह रहे हैं कि शायद लड़का न गया होता तो उसकी जान बच जाती है। हालांकि पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।