INDORE : मुख्यमंत्री की तमाम कोशिशों के बावजूद कोविड-19 को कंट्रोल करने के लिए बनाये गए नियमों का उल्लंघन करने वाले भीड़ इकट्ठा कर कोरोना को न्योता देने से बाज नहीं आ रहे हैं. ऐसे लोग बिना कोविड गाइडलाइन का पालन किए देर रात तक पार्टी कर रहे हैं. शनिवार देर रात डीआईजी हरिनारायण चारी मिश्र को सूचना मिली कि ऐडम्स कैफे में जमकर शराब परोसी जा रही है.
जब पुलिस वहां पहुंची तो शराब के नशे में धुत युवती आपस में विवाद करते हुए मिली. नशे में धुत युवतियों ने पुलिस के साथ भी बदतमीजी की. दरसअल, पूरा मामला कनाडिया थाना क्षेत्र का है, जहां ऐडम्स कैफे में देर रात शराब परोसी जा रही थी. यहां शराब के नशे में धुत युवतियों का आपस में विवाद हो गया था.
सूचना के बाद कनाडिया पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां का नजारा देख पुलिस के कान खड़े हो गए. वहां बड़ी संख्या में युवक और युवती आपस में शराब के नशे में एक दूसरे से विवाद करते नजर आए. सूचना पर दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद सुलझाने में लग गई.
बताया जा रहा है कि ऐडम्स नामक कैफे के शुभारंभ पर फ्री एंट्री रखी गई थी, जिसमें जमकर शराब की पार्टी की जा रही थी. फिलहाल पुलिस ने मैनेजर को तलब कर सोशल डिस्टेंसिंग और बिना मार्क्स के भीड़ लगाने और कोविड-19 गाइडलाइन का उल्लंघन का केस दर्ज कर कार्रवाई की है.