2020/12/25

बिहार पुलिस में पति-पत्नी और वो का मामला : महिला सिपाही ने कहा- अपनी मर्जी से होटल में गयी थी, फिर प्रेमी को क्यों भेजा गया जेल ?

PATNA : महिला सिपाही के साथ पटना के होटल में हुए रेप का मामला अब पूरी तरह से पलट गया है। क्योंकि, पुलिस के समक्ष 161 के बयान में महिला सिपाही ने स्पष्ट रूप से कहा है कि होटल वो अपनी मर्जी से गई थी और सिपाही राजीव को वह पहले से जानती थी। उसने न तो किसी प्रकार की कोई जबरदस्ती उसके साथ की थी और न ही उसका रेप किया था। 
सिपाही राजीव पर उसके पति की तरफ से लगाए गए सारे आरोप बेबुनियाद और गलत हैं। वो मुझे बहला फुसलाकर होटल नहीं ले गया था। राजीव नगर थाना में उसके पति ने सिपाही राजीव के ऊपर रेप की झूठी FIR दर्ज कराई है। रेप का यह केस अब पति-पत्नी और वो का मामला बनता जा रहा है।

फोन पर ही सिपाही पति ने किया था झगड़ा
बयान के जरिए महिला सिपाही ने अपने सिपाही पति को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है। उस पर अक्सर मारपीट करने और झगड़ा करने का गंभीर आरोप लगाया है। 21 दिसंबर को पति ने कॉल कर कहा कि मेरी तबियत खराब है, तुम घर आ जाओ। 

मैंने उसी वक्त कह दिया कि छुट्टी नहीं है, मैं नहीं आ सकती हूं। फोन पर ही उन्होंने उस दिन झगड़ा किया। अलग-अलग जगहों पर ड्यूटी में रहने के बाद भी वो फोन पर मेरे साथ झगड़ा करते रहते हैं। उस दिन गुस्से में मैं पटना के BMP स्थित अपने घर से आशियाना मोड़ आ गई। ऑटो नहीं मिलने के कारण पैदल ही जा रही थी।

पति को बुला लो, डेरा पर समझाया जाएगा
महिला सिपाही के बयान के अनुसार जब वह पैदल ही जा रही थी तो उस दौरान स्कूटी से जा रहे सिपाही राजीव ने उसे देखा और रुक गया। वो सहरसा में तैनात है। उसने पूछा कि कहां जा रही हो? इस पर पति के साथ हुए झगड़े और वो मुझे घर बुला रहे हैं, इसके बारे में बताया। 

इस पर राजीव ने कहा कि डेरा पर चलो और पति को भी वहीं बुला लो। इस पर मैंने आपत्ति जताई और कहा कि वह आएंगे तो आपके घर में भी लड़ाई-झगड़ा करेंगे, जो अच्छा नहीं होगा। उसी बीच पति का कॉल आ गया। राजीव ने कहा कि बगल में ही होटल है, वहीं अपने पति को बुला लो। बात करके फैसला कर लो। साथ रहना है तो रहो या फिर अलग हो जाओ।


पुलिस को लेकर आए थे पति
हम लोग किस होटल में जा रहे हैं, कहां बैठकर बात करेंगे। इसके बारे में महिला सिपाही का दावा है कि उसने खुद से इस बारे में अपने सिपाही पति को कॉल कर जानकारी दी थी। उन्हें खुद से होटल में आने और बैठकर बात करने को कहा था। इसके बाद वो सिपाही राजीव के साथ राजीव नगर के होटल में चली गई थी। 

बाद में होटल में उसका पति तो पहुंचा, लेकिन अकेले नहीं था। उसके साथ राजीव नगर थाना की पुलिस भी थी। इसके बाद ही पति ने थाना में सिपाही राजीव के खिलाफ रेप की FIR दर्ज करा दी। जबकि, उसने कोई जबरदस्ती नहीं की थी। 

सूत्रों की मानें तो महिला सिपाही ने यही बयान 164 के तहत बुधवार को कोर्ट में दर्ज कराया है। दूसरी तरफ सहरसा जिले की पुलिस ने सिपाही राजीव को सस्पेंड कर दिया है। वह जेल में है। इस मामले की जांच पुलिस अपने स्तर पर लगातार कर रही है।