2020/12/29

शराब पिलाई, पीटा और… महिला का हुआ रेप, आरोपी से ऑनलाइन डेटिंग ऐप से मिली थी

DESK : पुणे से सटे पिंपरी चिंचवाड़ के वाकड़ में एक 26 साल की एयरहोस्टेस से रेप के आरोप में एक 30 साल के युवक को अरेस्ट किया है। पीड़ित और आरोपी की फ्रेंडशिप ऑनलाइन डेटिंग साइट 'टिंडर' के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने एयरहोस्टेस को डिनर के लिए होटल में बुलाया था, वहां पहले उसे जबरदस्ती शराब पिलाई और फिर उसे अपने घर ले जाकर रेप किया। पीड़ित द्वारा इसका विरोध करने पर उसकी बुरी तरह पिटाई भी हुई। पीड़ित अभी भी पुणे के एक हॉस्पिटल में अपना इलाज करवा रही है।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विवेक मुगलीकर ने बताया, 'घटना की जानकारी पुलिस को पीड़ित के पिता ने दी है। इस मामले में आरोपी अभिजीत वाघ को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोमवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से वह 2 जनवरी तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है।'

आरोपी ने खुद को भी किया घायल
विवेक मुगलीकर ने बताया, 'आरोपी ने शनिवार को एक होटल में डिनर के बहाने महिला को बुलाया और उसे जबरदस्ती शराब पिलाई। इसके बाद घर ले जाकर उसके साथ मारपीट और रेप किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मामले को दूसरा रुख देने के लिए खुद पर चाकू से वार भी किया। घायल हाल में पड़ोसियों ने उसे भी एडमिट करवाया है। हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होते ही हम उसे कस्टडी में लेंगे।'

पड़ोस में रहने वालों ने बचाई महिला की जान
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया है कि होटल से निकलने के बाद वह बेसुध हाल में उसके घर पहुंची। वह लगातार उसके साथ मारपीट कर रहा था। पीड़ित लगातार उसे ऐसा नहीं करने के लिए रोकती रही, लेकिन वह नहीं माना। घायल होने के बाद महिला ने मदद के लिए आवाज लगाई तो पड़ोस के कुछ लोगों ने मौके पर पहुंच पीड़ित की जान बचाई।