BIHAR : भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के उगना गांव में सोमवार की देर रात तिलकोत्सव के दौरान झगड़े में हथियारबंद बदमाशों ने युवक के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात से गुस्साई भीड़ ने समारोह में आए दो लोगों को पीट दिया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। घायल एक को इलाज के लिए जगदीशपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक 32 वर्षीय जय प्रकाश पासवान उगना गांव निवासी लक्ष्मण पासवान का पुत्र था। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, आरा में कराया गया। स्वजनों ने बताया कि जय प्रकाश का गांव में ही कुछ लोगों से पूर्व का विवाद था। विवाद का कारण क्या था? यह पता नहीं चल पाया है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से इस मामले की छानबीन कर रही है।
फोन पर झगड़े की सूचना मिलने पर गया था युवक
इधर, मृतक के साले चंद्रमा पासवान ने बताया कि वह अपने जीजा जय प्रकाश पासवान के साथ गांव के ही उमेश रवानी के लड़के के तिलक समारोह में गया था। तिलक समारोह से जब दोनों खाना खाकर वापस घर आए ही थे कि जीजा के मोबाइल पर फोन आया कि झगड़ा हुआ है। इसके बाद उसके जीजा घर से बाहर निकल गए। इसी बीच कुछ ही देर बाद गोली चलने की आवाज आई। गोली चलने की आवाज सुनते ही स्वजनों ने बाहर निकल कर देखा कि जय प्रकाश जमीन पर गिरा है।
इसके बाद उसे इलाज के लिए जगदीशपुर के दुलौर अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। जहां चिंताजनक हालत को देखते हुए सदर अस्पताल, आरा रेफर कर दिया गया। स्वजन अभी उसे आरा सदर अस्पताल ला ही रहे थे तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बावजूद इसके परिजन सदर अस्पताल लाए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में परिवार वालों ने वारदात की सूचना स्थानीय थाने को दी।