2020/12/08

मटकोर पूजा में लड़की के साथ छेड़खानी के विरोध पर भिड़े दो पक्ष, रोड़ेबाजी

DARBHANGA :  बिरौल थानाक्षेत्र सुपौल बाजार के एक विवाह समारोह के लिए मटकोर पूजा करने जा रही महिलाओं के साथ एक मनचले युवक द्वारा छेड़खानी किए जाने का विरोध करने पर दो पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। दोनों तरफ से लाठी, डंडा चला और रोड़ेबाजी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस अधिकारियों की टीम ने स्थिति को काबू में किया। 

बताया गया है कि रविवार देर शाम बिनोद सहनी की पुत्री के मटकोर कार्यक्रम में साज, बाज के साथ महिलाएं सुपौल रामनगर दुर्गा मंदिर पूजा अर्चना करने जा रही थीं। इसी बीच एक युवती के साथ मास्टर चौक समीप एक मनचले युवक ने छेड़खानी की। इसको देख लकड़ी के स्वजनों ने उसे पकड़ा और गाल पर थप्पड जड़ दिया।

 वहां से उसे भगा दिया। इससे आक्रोशित मनचले युवक ने अपने मोहल्ले में जाकर अपने कुछ साथियों के साथ 10 -12 की संख्या में हाथ में लाठी, डंडे के साथ एटीएम चौक समीप खड़ा हो गया। जैसे ही मटकोर में शामिल महिलाएं लौटी लड़कों ने सभी पर लाठी, डंडा चलाना शुरू कर दिया। इसको देख दूसरे पक्ष के लोगों ने प्रहार कर रहे पक्ष से लाठी, डंडा छीनकर, उनपर लाठी, डंडा चलाना शुरू कर दिया। 

इसको देख मटकोर में शामिल महिलाओं के बीच भगदड़ मच गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से रोड़ेबाजी शुरू हो गई। दोनों पक्ष की ओर से कई लोग बुरी तरह चोटिल हो गए। रोड़ेबाजी में आस पड़ोस के कई लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो गया है। 

घटना की सूचना पर पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक दिलीप कुमार झा एवं प्रभारी थानाध्यक्ष राजकपूर कुशवाहा ने किसी तरह स्थिति नियंत्रित किया। पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही। इलाके में शांति बहाल है। लेकिन, स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रभारी थानाध्यक्ष राजकपूर कुशवाहा ने बताया घटना स्थल पर तत्काल पुलिस बल को तैनात किया गया है। दोनों पक्षों की ओर से कोई आवेदन नहीं मिला है। हालांकि, पुलिस सूचना और परिस्थितियों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।